वैशाली के देसरी में भूख हड़ताल तीसरे दिन भी जारी, अधिकारियों ने कहा खत्म करें आंदोलन लेकिन...
- by Manjesh Kumar
- 20-Sep-2026
- Views
वैशाली: वैशाली के देसरी रेलवे फ्लाई ओवर ब्रिज निर्माण, एक्सप्रेस ट्रेनों का ठहराव, रेलवे स्टेडियम का सौंदर्यीकरण सहित अन्य मांगो को लेकर अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल लगातार तीसरे दिन भी जारी रहा। रविवार को कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव एवं विधायक दल के पूर्व नेता डॉ शकील अहमद खां भूख हड़ताल स्थल पहुंचे और अनशनकारियों की सेहत की जानकारी ली। उन्होंने बिहार सरकार के मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत, जिलाधिकारी वर्षा सिंह से टेलीफोनिक बात कर आवश्यक पहल करने के लिए कहा, जिसके बाद डीसीएलआर महनार सुधांशु शेखर, महनार के प्रखंड विकास पदाधिकारी मुकेश कुमार, देसरी अंचलाधिकारी कुमारी आँचल भूख हड़ताल स्थल पहुंच कर अनशनकारियों के स्वास्थ्य की जानकारी लिया।
डीसीएलआर एवं प्रखंड विकास पदाधिकारी एवं अंचलाधिकारी ने प्रदर्शनकारियों से भूख हड़ताल समाप्त करने का आग्रह किया। भूख हड़ताल पर बैठे कांग्रेस जिलाध्यक्ष रंजीत पंडित ने वरीय पदाधिकारियों द्वारा ठोस एवं लिखित आश्वाशन के बाद ही भूख हड़ताल समाप्त करने की बात कही। बता दें कि इससे पहले शनिवार को रात्रि 11 बजे विधान पार्षद बंशीधर ब्रजवासी भी अनशन स्थल पहुंच कर मांगो के समर्थन में अपनी बातों को रखते हुए कहा था कि सरकार से हम बातें करेंगे। अनशनकारी जिलाध्यक्ष रंजीत पंडित, अभिषेक कुमार, मनीष कुमार एवं अनीश के स्वास्थ्य में भारी गिरावट दर्ज की गई है।
इस मौके पर युवा कांग्रेस महासचिव विजय कुमार यादव, राजद वरीय नेता सत्येन्द्र प्रसाद राय, देसरी प्रखंड उप प्रमुख अजीत कुमार यादव, कांग्रेस अल्पसंख्यक जिलाध्यक्ष मो रुस्तम, अति पिछड़ा प्रकोष्ठ जिलाध्यक्ष उत्तम ठाकुर, पंचायत समिति सदस्य अरुण सहनी, छात्र नेता राहुल यादव, मनीष यादव, भूषण यादव, डॉ एम इस्लाम, डॉ पी प्रकाश, संजीव कुमार यादव, दिनेश यादव, पिंटू सिंह, आकाश कुमार, डॉ अरुण विद्यार्थी, अरविंद ठाकुर, सुबोध पासवान, शशि सिंह सहित अन्य लोग मौजूद थे।


Post a comment