भागलपुर में पर्व का माहौल बदला मातम में, स्नान करने गए 6 बच्चे की डूबने से मौत

भागलपुर: भागलपुर के सुल्तानगंज से बड़ी खबर सामने आई है, जहां बाढ़ के पानी में डूबने से छह बच्चों की मौत हो गई। हादसे के बाद पूरे इलाके में मातम पसरा हुआ है और मृतकों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। बताया जा रहा है कि सुल्तानगंज नगर परिषद क्षेत्र के वार्ड नंबर 27 स्थित विष्णु टोला के रहने वाले करीब 12 साल की उम्र के छः बच्चे कर्मा-धर्मा पूजा को लेकर स्नान करने के लिए तरैटा नारायणपुर वहियार गए थे। इसी दौरान बच्चे गहरे पानी में चले गए और एक-एक कर डूबने लगे।

घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने पानी में बच्चों की तलाश शुरू की, लेकिन तब तक छह बच्चों की मौत हो चुकी थी। मृतकों की पहचान पूजा, ज्योति, मिंकी, राहुल, आयुष और विकास के रूप में हुई है। सभी बच्चे सुल्तानगंज नगर परिषद के वार्ड नंबर 27 स्थित विष्णु टोला के रहने वाले बताए जा रहे हैं। हादसे की खबर मिलते ही पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई। एक साथ छह बच्चों की मौत से परिवार और मोहल्ले में चीख-पुकार मच गई है। स्थानीय लोगों ने बाढ़ के पानी में बच्चों के जाने की घटनाओं को देखते हुए प्रशासन से सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाने और लोगों के बीच जागरूकता अभियान चलाने की मांग की है।

  

Related Articles

Post a comment