पूर्णिया में विधायक ने सुनी लोगों की समस्याएं, कहा 'सम्राट सरकार में लोगों को सीधे मिल रहे समाधान'

पूर्णिया: पूर्णिया पूर्व प्रखंड के सभागार में आयोजित जनता दरबार में विधायक विजय खेमका ने एसडीओ सीओ राजस्व अधिकारी तथा पुलिस अधिकारी के समक्ष आम नागरिकों की समस्याएं सुनीं। जनता दरबार में बड़ी संख्या में लोगों के जमीन संबंधी एवं अन्य प्रशासनिक समस्याओं के आवेदनों पर अधिकारियों द्वारा सुनवाई करते हुए कुछ मामलों का मौके पर ही समाधान हुआ, जबकि कई नए पुराने मामलों में आवश्यक दस्तावेज उपलब्ध कराने एवं अगली तिथि पर सुनवाई हेतु उपस्थित होने को कहा गया।

विधायक ने कहा कि वे अपनी समस्याओं के समाधान के लिए सही एवं पूर्ण दस्तावेज अधिकारियों के समक्ष प्रस्तुत जरूर करें। उन्होंने कहा बिहार सरकार न्याय एवं विकास के संकल्प के साथ कार्य कर रही है और जनता दरबार का उद्देश्य आम लोगों की समस्याओं का त्वरित एवं पारदर्शी समाधान करना है। विधायक ने कहा एनडीए की सरकार में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के निर्देशन में प्रत्येक माह के प्रथम एवं तृतीय मंगलवार को पंचायतों एवं नगरीय क्षेत्रों में सहयोग शिविर आयोजित किए जाते हैं, जबकि प्रत्येक माह के अंतिम रविवार को पंचायत विकास दिवस आयोजित कर ग्राम विकास तथा जनसमस्याओं के समाधान की दिशा में निरंतर कार्य किया जा रहा है।

उन्होंने नागरिकों से आग्रह की कि वे जनता दरबार, सहयोग शिविर एवं पंचायत विकास दिवस के माध्यम से अपनी समस्याओं के समाधान हेतु आवेदन सही दस्तावेजों के साथ दें तथा पावती जरूर लें। उन्होंने प्रशासनिक अधिकारियों से प्रत्येक आवेदकों की समस्या का समाधान पूरी संवेदनशीलता एवं प्रतिबद्धता के साथ करने को कहा। जनता दरबार में विधायक के साथ भाजपा नेता सकलदीप राजपाल, संजय मिश्रा, राजेश गोस्वामी, विनय साह, मनोज चौहान, पवन साहनी, पानो देवी, वीरेंद्र सिंह, मुन्ना ठाकुर, मनोज कुमार, मोहित राय, विजय दास, गनेशी साह, मनोज मोन उपस्थित थे।

  

Related Articles

Post a comment