पटना के बाद कटिहार में सिपाही अभ्यर्थियों ने किया हंगामा, राजधानी एक्सप्रेस को रोका...
- by Manjesh Kumar
- 14-Jun-2026
- Views
कटिहार: कटिहार जिले में मद्य निषेध विभाग की भर्ती परीक्षा खत्म होने के बाद जंक्शन पर छात्रों का हुजूम उमड़ पड़ा। हजारों छात्र एक साथ कटिहार जंक्शन पहुंच गये जिससे अफरा-तफरी का माहौल कायम हो गया। उमस भरी भीषण गर्मी के बीच प्लेटफॉर्म से लेकर रेल पटरी तक काफी संख्या में छात्रों कीभीड़ उमड़ पड़ी। देखते ही देखते पूरा स्टेशन परिसर छात्रों से पूरी तरह भर गया। स्टेशन पर पैर रखने तक की जगह नहीं बची। ट्रेन के आते ही छात्र बोगियों की ओर दौड़ पड़े। सीट पाने की चाह में एक दूसरे के बीच धक्का-मुक्की शुरू हो गई। कई छात्र गेट से ट्रेन में चढ़ने की कोशिश करते नजर आए, जबकि कुछ युवक ट्रेन के पायदान से लटककर सफर करने को मजबूर दिखे।
बोगियों में पहले से सवार यात्रियों को उतरने में भी भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। स्थिति इतनी गंभीर हो गई कि हर ट्रेन के आगमन के साथ हादसे की आशंका बढ़ने लगी। रेलवे ट्रैक पर भी बड़ी संख्या में छात्र उतर गए, जिससे रेल परिचालन बाधित हो गया। भीड़ को नियंत्रित करने के लिए जीआरपी और आरपीएफ के जवान लगातार माइकिंग कर छात्रों से संयम बरतने और पटरी से हटने की अपील करते रहे। इसी बीच राजधानी एक्सप्रेस में चढ़ने नहीं दिए जाने से छात्रों का गुस्सा फूट पड़ा।
नाराज परीक्षार्थी रेलवे ट्रैक पर उतर गए और जमकर नारेबाजी करने लगे। कुछ देर के लिए माहौल तनावपूर्ण हो गया। इसके बाद जीआरपी और आरपीएफ के जवानों ने काफी मशक्कत कर छात्रों को ट्रैक से हटाया। तब जाकर राजधानी एक्सप्रेस को सुरक्षित रवाना किया जा सका। भीषण गर्मी, बेकाबू भीड़ और ट्रेनों में सीटों की मारामारी के बीच कटिहार जंक्शन घंटों तक अव्यवस्था का केंद्र बना रहा। रेलवे और सुरक्षा एजेंसियों के लिए भी यह भीड़ बड़ी चुनौती साबित हुई।


Post a comment