आगामी सहयोग शिविर की तैयारी का डीएम ने की समीक्षा, अधिकारियों को दिए कई निर्देश

पूर्णिया: समाहरणालय के महानंदा सभागार में प्रभारी जिला पदाधिकारी सह उप विकास आयुक्त अंजनि कुमार की अध्यक्षता में सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजनाओं के अंतर्गत लाभुकों के जीवन प्रमाणीकरण कार्यों एवं किसान पंजीकरण तथा आगामी 02 जून को आयोजित होने वाले सहयोग शिविर की समीक्षा बैठक का आयोजन किया गया। प्रगति संतोषजनक पाया गया। समाजिक सुरक्षा विभाग की समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि 30 मई 2026 तक जीवन प्रमाणीकरण की अंतिम तिथि है। इस लिए सभी संबंधित पदाधिकारी एवं कर्मी युद्धस्तर पर अभियान चलाकर शत-प्रतिशत कार्य पूर्ण कराना सुनिश्चित करें।

समीक्षा के क्रम में पाया गया कि जिले में अब भी 54,959 लाभुकों का जीवन प्रमाणीकरण लंबित पाया गया है‌। इसे गंभीरता से लेते हुए जिला पदाधिकारी ने सभी प्रखंड विकास पदाधिकारी, कार्यपालक पदाधिकारी नगर निकाय, पंचायत सचिव, विकास मित्र, डाटा एंट्री ऑपरेटर एवं सामाजिक सुरक्षा कर्मियों को निर्देश दिया गया कि अंतिम तिथि से पूर्व प्रत्येक लंबित लाभुक तक पहुंच बनाकर उनका बायोमेट्रिक सत्यापन अनिवार्य रूप से पूर्ण कराना सुनिश्चित करें। जिला पदाधिकारी ने स्पष्ट कहा कि किसी भी प्रकार की शिथिलता या लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। बैठक में वरीय पदाधिकारी एवं जिला स्तरीय पदाधिकारी तथा संबंधित अधिकारी मौजूद थे प्रखंड एवं अनुमंडल स्तरीय पदाधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से उपस्थित थे। सभी प्रखंडों में विशेष कैंप, घर-घर संपर्क अभियान तथा पंचायत स्तर पर शिविर आयोजित कर वृद्ध, दिव्यांग एवं असहाय लाभुकों का प्राथमिकता के आधार पर जीवन प्रमाणीकरण सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है।

समीक्षा के दौरान नगर निगम पूर्णिया, बरहरा, धमदाहा, बनमनखी डगरुआ एवं कृत्यानंद नगर प्रखंडों की प्रगति अपेक्षाकृत धीमी पाई गई। जिस पर जिला पदाधिकारी द्वारा नाराजगी व्यक्त करते हुए संबंधित पदाधिकारियों को प्रतिदिन प्रगति प्रतिवेदन उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया। साथ ही जिन लाभुकों का आधार मैपिंग लंबित है, उनका त्वरित निष्पादन कर पोर्टल पर अद्यतन प्रविष्टि सुनिश्चित करने का भी निर्देश दिया गया। सहायक निदेशक सामाजिक सुरक्षा ने बताया गया कि सभी प्रखंडों में लगातार मॉनिटरिंग की जा रही है तथा अंतिम तिथि तक शत-प्रतिशत जीवन प्रमाणीकरण कार्य पूर्ण कराने हेतु जिला प्रशासन पूरी तरह सक्रिय है। जिला प्रशासन पूर्णिया द्वारा सभी पेंशनधारियों एवं उनके परिजनों से अपील किया गया है कि वे निकटतम प्रखंड, पंचायत अथवा शिविर स्थल पर पहुंचकर समय रहते जीवन प्रमाणीकरण अवश्य करा लें, ताकि पेंशन भुगतान में किसी प्रकार की बाधा उत्पन्न न हो।

  

Related Articles

Post a comment