राष्ट्रीय स्तर पर पूर्णिया जिले को Best Election District Award, अंशुल कुमार होंगे सम्मानित.
- by Raushan Pratyek Media
- 21-Jan-2026
- Views
पूर्णिया :-बिहार विधान सभा आम निर्वाचन, 2025 के सफल संचालन हेतु “Election Management and Logistics” श्रेणी में Best Election District Award के लिए राष्ट्रीय स्तर पर पूर्णिया जिला का चयन किया गया है। यह सम्मान जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-जिला पदाधिकारी, पूर्णिया श्री अंशुल कुमार, भा.प्र.से. को प्रदान किया गया है।
जिला निर्वाचन पदाधिकारी के कुशल नेतृत्व में बिहार विधान सभा आम निर्वाचन, 2025 के दौरान पूर्णिया जिले में 76.61% मतदान दर्ज किया गया, जिससे यह बिहार के सभी 38 जिलों में तीसरे स्थान पर रहा।
वहीं 58–कसबा विधान सभा निर्वाचन क्षेत्र में 81.97% मतदान हुआ, जो बिहार के सभी 243 विधान सभा निर्वाचन क्षेत्रों में सर्वाधिक VTR के रूप में दर्ज किया गया। यह उपलब्धि इस तथ्य को रेखांकित करती है कि पूर्णिया जिले का प्रदर्शन केवल औसत तक सीमित नहीं रहा, बल्कि इसमें राज्य का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाला निर्वाचन क्षेत्र भी शामिल रहा।
इसी क्रम में 62–पूर्णिया विधान सभा निर्वाचन क्षेत्र, जो एक शहरी क्षेत्र है, में वर्ष 2020 के विधान सभा चुनाव में 59.21% मतदान हुआ था। इसके विपरीत, बिहार विधान सभा आम निर्वाचन, 2025 में यहाँ 80.08% मतदान दर्ज किया गया, जो लगभग 21% की वृद्धि के साथ पूरे बिहार में VTR बढ़ोतरी में प्रथम स्थान पर रहा। यह बिहार में अब तक का सबसे बड़ा सकारात्मक परिवर्तन है, जो यह सिद्ध करता है कि शहरी उदासीनता अपरिहार्य नहीं है, बल्कि लक्षित एवं प्रभावी प्रबंधन के माध्यम से इसमें उल्लेखनीय सुधार संभव है।
महिला सहभागिता के क्षेत्र में भी पूर्णिया जिला उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए सामने आया। बिहार विधान सभा आम निर्वाचन, 2025 में पूर्णिया जिले में 84.00% महिलाओं ने मतदान किया, जिससे महिला मतदान प्रतिशत के मामले में पूर्णिया जिला पूरे बिहार में तीसरे स्थान पर रहा।
इसके अंतर्गत—
57–बायसी विधान सभा में 88.89% महिला मतदान (बिहार में चौथा स्थान),
56–अमौर विधान सभा में 88.09% (बिहार में पाँचवाँ स्थान), तथा
58–कसबा विधान सभा निर्वाचन क्षेत्र में 86.11% महिला मतदान (बिहार में नौंवा स्थान) दर्ज किया गया।
यह परिणाम स्पष्ट रूप से दर्शाता है कि महिला सशक्तिकरण को लेकर जिला निर्वाचन पदाधिकारी द्वारा दृढ़ संकल्प के साथ किए गए प्रयास अत्यंत सफल और सराहनीय रहे, जिससे लोकतांत्रिक प्रक्रिया में महिलाओं की भागीदारी को नई ऊँचाई मिली।
जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-जिला पदाधिकारी, पूर्णिया के नेतृत्व में बिहार विधान सभा आम निर्वाचन, 2025 का परिणाम ऐसा रहा जिसने सांख्यिकीय उपलब्धियों को लोकतांत्रिक पुनरुत्थान की जीवंत मिसाल में परिवर्तित कर दिया। प्रत्येक उपलब्धि ऐतिहासिक चुनौतियों पर विजय की कहानी कहती है।
यह चुनावी प्रबंधन केवल एक चुनावी चक्र तक सीमित नहीं रहा, बल्कि इसने भविष्य के लिए एक नया बेंचमार्क स्थापित किया है। यह प्रमाणित करता है कि प्रशासनिक उत्कृष्टता और नवाचार, सबसे कठिन परिस्थितियों में भी लोकतांत्रिक भागीदारी को नई दिशा दे सकते हैं।
इन्हीं उल्लेखनीय उपलब्धियों के लिए जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-जिला पदाधिकारी, पूर्णिया श्री अंशुल कुमार, भा.प्र.से. को बिहार विधान सभा आम निर्वाचन, 2025 में कर्तव्यनिष्ठा, दृढ़ता, समर्पण एवं नवाचारों के उत्कृष्ट कार्यान्वयन हेतु दिनांक 25.01.2026 को राष्ट्रीय मतदाता दिवस के अवसर पर भारत निर्वाचन आयोग, नई दिल्ली द्वारा सम्मानित किया जाएगा।
यह सम्मान पूर्णिया जिले के समस्त नागरिकों के लिए अत्यंत गर्व और गौरव का क्षण है।


Post a comment