कटिहार के बरारी में छठ घाटों की सुरक्षा व्यवस्था का सीओ और थानाध्यक्ष ने लिया जायजा

अमतुल्ली घाट बेलबाड़ी गंज और पुरानी सेमापुर के शिवमंदिर घाट समेत विभिन्न घाटों का किया निरीक्षण, बैरिकेडिंग व रोशनी की व्यवस्था दुरुस्त करने का निर्देश

कटिहार: लोक आस्था के महापर्व छठ को शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित माहौल में संपन्न कराने को लेकर सेमापुर थाना क्षेत्र में प्रशासनिक तैयारियां तेज कर दी गई हैं। इसी कड़ी में अंचलाधिकारी मनीष कुमार एवं थानाध्यक्ष रामशंकर कुमार ने थाना क्षेत्र के विभिन्न छठ घाटों का निरीक्षण किया। इस दौरान अधिकारियों ने अमतुल्ली घाट बेलबाड़ी गंज, पुरानी सेमापुर स्थित शिवमंदिर घाट सहित अन्य घाटों का जायजा लिया। निरीक्षण के क्रम में घाटों की स्थिति, श्रद्धालुओं के आने-जाने के रास्ते और सुरक्षा व्यवस्था का बारीकी से आकलन किया गया।

अधिकारियों ने संबंधित लोगों को घाटों पर बैरिकेडिंग कराने, श्रद्धालुओं के सुरक्षित आवागमन तथा पर्याप्त रोशनी की व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। साथ ही गहरे पानी वाले स्थानों को चिह्नित कर वहां विशेष सतर्कता बरतने और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने पर जोर दिया। सीओ एवं थानाध्यक्ष ने श्रद्धालुओं से अपील की कि वे निर्धारित सुरक्षित स्थानों पर ही स्नान एवं पूजा-अर्चना करें। गहरे पानी में जाने से बचें तथा बच्चों पर विशेष नजर रखें। प्रशासन की ओर से जारी सुरक्षा निर्देशों का पालन करने की भी अपील की गई।

अधिकारियों ने कहा कि छठ के दौरान घाटों पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ जुटती है। ऐसे में सुरक्षा व्यवस्था में किसी तरह की लापरवाही नहीं होनी चाहिए। प्रशासन का प्रयास है कि सभी घाटों पर आवश्यक इंतजाम सुनिश्चित कर छठ महापर्व को शांतिपूर्ण और सुरक्षित वातावरण में संपन्न कराया जाए।

  

Related Articles

Post a comment