पटना में शराब की सूचना पर पहुंची पुलिस पर ग्रामीणों ने किया हमला, 4 पुलिसकर्मी जख्मी, 5 को गिरफ्त से छुड़ा ले गए

पटना: शराबबंदी वाले बिहार में एक तरफ अवैध शराब का कारोबार बदस्तूर जारी है तो दूसरी तरफ कार्रवाई के लिए जाने वाली पुलिस पर हमले का सिलसिला भी अब आम बात होती दिख रही है। ऐसा ही मामला सामने आया है राजधानी पटना से सटे मसौढ़ी इलाके के पुनपुन से जहां शराब की जानकारी मिलने पर छापेमारी के लिए गई पुलिस पर स्थानीय लोगों ने हमला कर दिया। ग्रामीणों के हमले में चार पुलिसकर्मी जख्मी हो गए साथ ही पुलिस की गिरफ्त से पांच शराब कारोबारियों को भी ग्रामीण छुड़ा ले गए।

जानकारी के अनुसार पुनपुन के पीपरा थाना क्षेत्र के बेहरावां चकिया गांव में पुनपुन नदी के किनारे पुलिस देर शाम शराब के खिलाफ छापेमारी करने पहुंची थी। इसी दौरान ग्रामीणों ने हमला कर दिया जिसमें एसआई शशी कुमार समेत दो महिला आरक्षी और एक पुरुष आरक्षी जख्मी हो गये। पुलिस के अनुसार, बेहरावां चकिया के समीप शराब बिक्री की सूचना पर टीम छापेमारी करने पहुंची थी। इस दौरान पुलिस ने पांच लोगों को शराब के साथ पकड़ लिया। गिरफ्तार आरोपितों को थाना ले जाने के दौरान बड़ी संख्या में लोग लाठी-डंडे और लोहे की रॉड लेकर मौके पर पहुंच गये। लोगों ने पुलिस की कार्रवाई का विरोध शुरू कर दिया। इसी दौरान भीड़ ने पुलिस टीम पर पथराव कर दिया। अचानक हुए पथराव के कारण पुलिसकर्मियों को पीछे हटना पड़ा।

पुलिसकर्मियों के पीछे हटने का फायदा उठाकर भीड़ ने पुलिस की गिरफ्त में लिये गये पांचों आरोपितों को छुड़ा लिया और अपने साथ लेकर चली गयी। हालांकि, छापेमारी के दौरान बरामद शराब पुलिस की गाड़ी में ही रह गयी। पथराव में पुलिस का एक वाहन भी क्षतिग्रस्त हो गया। हमले में जख्मी अवर निरीक्षक शशी कुमार, दो महिला आरक्षी और एक पुरुष आरक्षी का इलाज कराया गया। अवर निरीक्षक को छोड़कर तीनों जवानों को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए पीएमसीएच में भर्ती कराया गया है।

घटना के बाद आसपास के थानों से अतिरिक्त पुलिस बल को मौके पर बुलाया गया। गांव में फंसे क्षतिग्रस्त पुलिस वाहन को भी पुलिसकर्मियों ने मौके से बाहर निकाला। पीपरा थानाध्यक्ष प्रिंस कुमार ने बताया कि मामले में पुलिस के बयान पर 51 नामजद और करीब 100 अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गयी है। प्राथमिकी में पुलिस टीम पर हमला करने, सरकारी कार्य में बाधा डालने समेत अन्य आरोप लगाये गये हैं। पुलिस के मुताबिक, हमला सुनियोजित था। पुनपुन नदी के किनारे पहले से ईंट-पत्थर जमा कर रखे गये थे, जिनका इस्तेमाल पुलिस टीम पर पथराव में किया गया। आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है।

  

Related Articles

Post a comment