कटिहार में पागल कुत्ते का आतंक, 17 लोगों को काट कर किया जख्मी

कटिहार: शनिवार की सुबह लक्ष्मीपुर पंचायत के भैंसदिरा गांव में एक पागल कुत्ते ने अचानक आतंक मचा दिया। कुत्ते ने अलग-अलग जगहों पर हमला कर कुल 17 लोगों को काटकर घायल कर दिया। एक साथ इतने लोगों के कुत्ते के हमले का शिकार होने से गांव में अफरा-तफरी मच गई। लोग कुत्ते से बचने के लिए घरों में दुबक गए और उसके पकड़े जाने तक पूरे इलाके में दहशत का माहौल बना रहा। कुत्ते के हमले में घायल लोगों को इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) बरारी लाया गया, जहां चिकित्सकीय टीम ने सभी घायलों का उपचार किया। घायलों में उमेश सिंह, आशीष कुमार, मंजीत सिंह, पिंकी कौर, जलधर पासवान, विजय ठाकुर, प्रीति कुमारी, लक्ष्मी कुमारी और रामपिया देवी समेत अन्य लोग शामिल हैं। घटना से जुड़े लोग वार्ड संख्या 14 और 16 के बताए गए हैं। इनमें गांव-गांव घूमकर सामान व कपड़े बेचने वाला एक व्यक्ति भी कुत्ते के हमले का शिकार हुआ।

घटना की जानकारी मिलने पर भाजयुमो के बरारी प्रखंड अध्यक्ष अखिलेश कुमार कुशवाहा घायलों को लेकर सीएचसी बरारी पहुंचे। उन्होंने मामले की सूचना डायल-112 पर भी दी। सूचना के बाद कटिहार से डॉग रेस्क्यू टीम भैंसदिरा गांव पहुंची और काफी मशक्कत के बाद आतंक मचा रहे कुत्ते को पकड़ लिया। कुत्ते के पकड़े जाने के बाद ग्रामीणों ने राहत की सांस ली। हालांकि, घटना के बाद गांव में लंबे समय तक भय का माहौल बना रहा। ग्रामीणों ने ऐसे आवारा और आक्रामक कुत्तों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।

  

Related Articles

Post a comment