सड़क दुर्घटना में मृत चालक के परिजनों से मिले सांसद पप्पू यादव, दी आर्थिक सहायता

पूर्णिया: पूर्णिया नगर निगम क्षेत्र के मरंगा मुर्गी फार्म, वार्ड संख्या-09 निवासी स्वर्गीय पप्पू साह के परिजनों से सांसद पप्पू यादव ने मुलाकात कर उन्हें सांत्वना दी। गौरतलब है कि 54 वर्षीय पप्पू साह की कुछ दिनों पूर्व हरदा शिव मंदिर के समीप एक सड़क दुर्घटना में मृत्यु हो गई थी। घटना के बाद से परिवार गहरे सदमे में है। बुधवार को सांसद पप्पू यादव उनके आवास पहुंचे और शोकाकुल परिवार के बीच बैठकर दुःख साझा किया। उन्होंने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना करते हुए परिजनों को इस कठिन समय में धैर्य बनाए रखने का संबल दिया।

मुलाकात के दौरान सांसद ने परिवार की आर्थिक स्थिति की जानकारी ली। बताया गया कि पप्पू साह निजी चालक के रूप में कार्य कर अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे और उनकी असामयिक मृत्यु से परिवार पर गंभीर आर्थिक संकट आ गया है। इसे देखते हुए सांसद पप्पू यादव ने अपनी ओर से मृतक की पत्नी को तत्काल 10 हजार रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की। साथ ही उन्होंने परिवार को हरसंभव सहयोग देने का आश्वासन देते हुए कहा कि दुःख की इस घड़ी में वे परिवार के साथ मजबूती से खड़े हैं और भविष्य में भी आवश्यक सहायता के लिए तत्पर रहेंगे।

सांसद ने कहा कि किसी परिवार के मुखिया का इस तरह अचानक चले जाना अपूरणीय क्षति है। उन्होंने प्रशासन से भी पीड़ित परिवार को उपलब्ध सरकारी सहायता एवं मुआवजा योजनाओं का लाभ दिलाने की दिशा में संवेदनशीलता के साथ पहल करने की अपेक्षा जताई। स्थानीय लोगों ने भी सांसद के इस मानवीय पहल की सराहना करते हुए कहा कि संकट की घड़ी में उनका परिवार के बीच पहुंचना और सहयोग करना पीड़ित परिवार के लिए बड़ी राहत है।

  

Related Articles

Post a comment