नेत्रदान देहदान अंगदान के प्रति लोगों को किया जाएगा जागरुक, करेंगे सामूहिक ब्लाइंड वॉक
- by Manjesh Kumar
- 04-Jun-2026
- Views
पूर्णिया: आगामी 7 जून को दधीचि देहदान समिति द्वारा क्षेत्रीय सम्मेलन का आयोजन किया जा रहा है। सम्मेलन का उद्देश्य समाज में नेत्रदान, अंगदान एवं देहदान के प्रति जनजागरूकता बढ़ाना तथा संगठनात्मक गतिविधियों को सुदृढ़ करना है। इसके मद्देनजर दधिचि देहदान समिति के राज्य उपाध्यक्ष डॉ ए के गुप्ता ने प्रेस वार्ता करते हुए इसकी जानकारी दी। इस मौके पर संगठन के जिलाध्यक्ष हिना सईद, सचिव रविन्द्र साह पिंकी गुप्ता, डॉ अक्षय शर्मा, युवा अध्यक्ष अमित कुमार, सरंक्षक सुमित प्रकाश भी सम्मिलित हुए। प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए डॉ ए के गुप्ता ने कहा कि कार्यक्रम तीन सत्रों में आयोजित किया जाएगा। प्रथम सत्र में राजकीय चिकित्सा महाविद्यालय एवं अस्पताल (जीएमसीएच), पूर्णिया से एक ब्लाइंड वॉक का आयोजन किया जाएगा, जिसका समापन कप्तान पुल के समीप स्थित माँ पंचादेवी अस्पताल परिसर में होगा।
जागरूकता पदयात्रा का मुख्य उद्देश्य नेत्रदान एवं अंगदान के प्रति समाज में सकारात्मक संदेश प्रसारित करना है। द्वितीय सत्र में नेत्रदान एवं देहदान के क्षेत्र में योगदान देने वाले नेत्रदानी परिवारों के लिए सम्मान समारोह का आयोजन प्रस्तावित है। इस अवसर पर ऐसे परिवारों को सम्मानित किया जाएगा जिन्होंने अपने परिजनों के नेत्रदान अथवा देहदान के माध्यम से मानवता की सेवा का अनुकरणीय उदाहरण प्रस्तुत किया है। तृतीय सत्र में कोसी एवं पूर्णिया प्रमंडल के अंतर्गत नवगठित दधीची देहदान समिति की जिला इकाइयों के पदाधिकारियों तथा बिहार इकाई के पदाधिकारियों की एक महत्वपूर्ण आंतरिक बैठक आयोजित की जाएगी, जिसमें संगठन के विस्तार, भावी कार्यक्रमों एवं जनजागरूकता अभियानों की रूपरेखा पर विचार-विमर्श किया जाएगा। इस क्षेत्रीय सम्मेलन में अनेक गणमान्य अतिथि एवं सामाजिक कार्यकर्ता सहभागिता करेंगे।
इस सम्मेलन में सिक्किम के पूर्व राज्यपाल गंगा प्रसाद चौरसिया, पद्मश्री विमल जैन, प्रदीप चौरसिया, मुकेश हिसारिया, गुरु रहमान, प्रोफेसर किरण घई, गोविंद कनाडिया, अरुण सत्यमूर्ति, राष्ट्रीय महिला आयोग की पूर्व अध्यक्ष सुषमा साहू सामाजिक कार्यकर्ता शैलेश महाजन, क्षेत्रीय संगठन मंत्री मनमोहन सरावगी, क्षेत्रीय संगठन मंत्री संजीव यादव, प्रोफेसर मनोज संधवार तथा सुनील सहित अनेक विशिष्ट व्यक्तित्व दधिची देहदान समिति बिहार इकाई से इस कार्यक्रम में शामिल होंगे। दधिची देहदान समिति ने अधिकाधिक संख्या में पूर्णियांवासियों से सम्मेलन में सहभागिता कर नेत्रदान, अंगदान एवं देहदान जैसे महादानों के प्रति जनजागरण अभियान को सफल बनाने का आह्वान किया है। सम्मेलन के प्रथम सत्र में राजकीय चिकित्सा महाविद्यालय एवं अस्पताल (जीएमसीएच), पूर्णिया परिसर से आयोजित होने वाली ब्लाइंड वॉक को लेकर शहर में व्यापक उत्साह देखा जा रहा है। इस जागरूकता यात्रा में सहभागिता हेतु नगर के विभिन्न सामाजिक, धार्मिक एवं सांस्कृतिक संगठनों ने अपनी सहमति प्रदान की है। इन संगठनों के पदाधिकारी एवं सदस्य बड़ी संख्या में ब्लाइंड वॉक में शामिल होकर नेत्रदान, अंगदान एवं देहदान के प्रति जनजागरण का संदेश देंगे।
इसके अतिरिक्त भारत स्काउट एवं गाइड, विभिन्न विद्यालयों, महाविद्यालयों तथा अन्य शैक्षणिक संस्थानों ने भी इस अभियान में अपनी सहभागिता हेतु सहमति दी है। युवाओं एवं विद्यार्थियों की सक्रिय भागीदारी से यह जागरूकता कार्यक्रम और अधिक प्रभावी एवं जनसरोकार से जुड़ा हुआ स्वरूप ग्रहण करेगा। ब्लाइंड वॉक में अधिकाधिक नागरिकों की सहभागिता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से दधीचि देहदान समिति द्वारा शहर के प्रमुख चौक-चौराहों एवं सार्वजनिक स्थलों पर होर्डिंग, पोस्टर एवं बैनर लगाए जा रहे हैं। समिति के पदाधिकारियों द्वारा विभिन्न संस्थाओं एवं नागरिकों से व्यक्तिगत संपर्क स्थापित कर उन्हें इस महाअभियान में सम्मिलित होने के लिए आमंत्रित किया जा रहा है। समिति को विश्वास है कि यह आयोजन नेत्रदान एवं अंगदान के प्रति समाज में जागरूकता बढ़ाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर सिद्ध होगा। प्रेस वार्ता को सम्बोधित कर रहे वक्ताओं ने कहा कि नेत्रदान, अंगदान एवं देहदान के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से आयोजित यह कार्यक्रम सामाजिक सरोकारों से जुड़ा एक महत्वपूर्ण अभियान है। उन्होंने पूर्णिया शहर एवं आसपास के क्षेत्रों के नागरिकों, सामाजिक संगठनों, शैक्षणिक संस्थानों, व्यवसायिक प्रतिष्ठानों तथा युवा वर्ग से अधिकाधिक संख्या में ब्लाइंड वॉक में भाग लेने की अपील की। समिति के पदाधिकारियों ने सभी नागरिकों से अपील की कि आगामी 7 जून रविवार को प्रातः जीएमसीएच, पूर्णिया परिसर से प्रारंभ होने वाली ब्लाइंड वॉक में शामिल होकर नेत्रदान एवं देहदान जागरूकता अभियान को सफल बनाने में अपना योगदान दें।


Post a comment