प्रॉपर्टी डीलर हत्याकांड के आरोपी का पुलिस ने किया एनकाउंटर, खदेड़ कर मारी गोली
- by Manjesh Kumar
- 17-Jun-2026
- Views
मुजफ्फरपुर: बिहार में इन दिनों पुलिस अपराधियों के साथ पूरी सख्ती के साथ पेश आ रही है। इसी कड़ी में मुजफ्फरपुर पुलिस ने हत्या के एक आरोपी को गोली मारी है। बताया जा रहा है कि पुलिस एनकाउंटर में जख्मी अपराधी हत्या समेत हत्या का प्रयास समेत कई अन्य मामलों में आरोपी है। इस दौरान पुलिस ने हथियार भी जब्त किया है। मामला मुजफ्फरपुर के मुशहरी थाना क्षेत्र का है जहां बीती देर रात पुलिस वाहन जांच के दौरान अपराधी और पुलिस में मुठभेड़ हुई।
घटना को लेकर एसएसपी कांतेश कुमार ने कहा कि बीती रात पुलिस ने वाहन जांच के दौरान जब एक बाइक सवार को रुकने का इशारा किया तब वह भागने लगा। पुलिस ने संदेह के आधार पर उसका पीछा किया और कुछ दूर बाद वह गिर गया जिसके बाद पुलिस पर फायरिंग करने लगा। जवाबी कार्रवाई में एक अपराधी को गोली लगी है जबकि दूसरा भाग निकला। पुलिस ने जख्मी अपराधी को गिरफ्तार कर अभिरक्षा में अस्पताल पहुंचाया है जहां उसका इलाज जारी है। एसएसपी ने बताया कि पूछताछ के दौरान जख्मी अपराधी की पहचान वैशाली के अमित कुमार के रूप में की गई जो मुजफ्फरपुर में हाल ही में प्रॉपर्टी डीलर अंकित रंजन उर्फ प्रभात मिश्रा हत्याकांड में शामिल था। इसके साथ ही वह कई अन्य मामलों में भी आरोपी है। एसएसपी ने कहा कि फिलहाल पुलिस गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ कर रही है साथ ही फरार अपराधी की भी तलाश की जा रही है।


Post a comment