2 जुलाई से मलाही पकड़ी तक दौड़ेगी पटना मेट्रो, सीएम सम्राट ने समीक्षा के दौरान कहा...

पटना: मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने आज लोक सेवक आवास स्थित 'संकल्प' सभागार में पटना मेट्रो रेल परियोजना की प्रगति की उच्चस्तरीय समीक्षा की। समीक्षा के दौरान नगर विकास एवं आवास विभाग के प्रधान सचिव विनय कुमार एवं पटना मेट्रो रेल परियोजना के निर्माण कार्य से जुड़े अधिकारियों ने न्यू आईएसबीटी से अकाशवाणी तक प्रस्तावित कॉरिडोर 1 तथा न्यू आईएसबीटी से मीठापुर (जगनपुरा होते हुए) तक चल रहे कार्यों सहित पूरे परियोजना की कार्य प्रगति की विस्तृत जानकारी दी। समीक्षा के दौरान मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश देते हुये कहा कि पटना मेट्रो रेल परियोजना के सभी कार्य निर्धारित समय सीमा के भीतर उच्च गुणवत्ता के साथ पूर्ण करें। उन्होंने कहा कि 02 जुलाई 2026 को मलाही पकड़ी तक के मेट्रो रेल परियोजना के विस्तारीकरण का लोकार्पण किया जायेगा इससे शहरवासियों को आवागमन में सहूलियत होगी साथ ही समय की भी बचत होगी।

पटना मेट्रो शहर की परिवहन व्यवस्था को आधुनिक, सुरक्षित एवं सुविधाजनक बनानेवाली एक महत्वपूर्ण परियोजना है, इसलिए इसके क्रियान्वयन में किसी प्रकार की शिथिलता स्वीकार्य नहीं होगी। उन्होंने कहा कि परियोजना के प्रत्येक चरण के लिए स्पष्ट कार्ययोजना एवं समयसीमा निर्धारित करते हुए सभी कार्य समय पर पूर्ण करें। मुख्यमंत्री ने कहा कि मेट्रो निर्माण कार्य के दौरान आम नागरिकों को न्यूनतम असुविधा हो, इसके लिए प्रभावी एवं वैज्ञानिक ट्रैफिक प्रबंधन सुनिश्चित करें। उन्होंने पूरे पटना शहर की यातायात व्यवस्था का व्यापक अध्ययन कर जाम की समस्या के स्थायी समाधान के लिए समग्र ट्रैफिक मैनेजमेंट प्लान तैयार करने का निर्देश दिया। साथ ही निर्माण स्थलों पर सुरक्षा मानकों का पूर्णतः पालन सुनिश्चित करने को कहा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि परियोजना के विभिन्न स्थलों पर एक साथ तेजी से कार्य किए जाएं, ताकि निर्धारित समय सीमा के भीतर परियोजना पूरी की जा सके। निर्माण कार्य की गुणवत्ता से किसी भी स्तर पर समझौता नहीं किया जाएगा। परियोजना की नियमित मॉनिटरिंग कर प्रगति की सतत् समीक्षा करें और समय सीमा के अंदर कार्य पूर्ण करें। मुख्यमंत्री ने कहा कि पटना मेट्रो के संचालन से राजधानीवासियों को सुरक्षित, तेज, आधुनिक एवं विश्वस्तरीय सार्वजनिक परिवहन सुविधा उपलब्ध होगी। इससे सड़क यातायात का दबाव कम होगा, प्रदूषण में कमी आएगी तथा लोगों का आवागमन अधिक सुगम और सुविधाजनक होगा। समीक्षा बैठक के दौरान मुख्यमंत्री ने पटना के प्रस्तावित सैटेलाइट टाउनशिप के मास्टर प्लान को निर्धारित समयसीमा के भीतर तैयार करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि राजधानी के सुनियोजित विस्तार एवं भविष्य की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए सैटेलाइट टाउनशिप का विकास समयबद्ध एवं व्यवस्थित तरीके से किया जाना आवश्यक है।

बैठक में नगर विकास एवं आवास मंत्री नीतीश मिश्रा, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव दीपक कुमार, मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत, नगर विकास एवं आवास विभाग के प्रधान सचिव विनय कुमार, मुख्यमंत्री के सचिव संजय कुमार सिंह, पटना मेट्रो रेल कॉरपोरेशन लिमिटेड के प्रबंध निदेशक संदीप कुमार आर पुडुकलकट्टी, भवन निर्माण विभाग के सचिव प्रणव कुमार, पटना प्रक्षेत्र के पुलिस महानिरीक्षक जितेन्द्र राणा, जिलाधिकारी कुंदन कुमार, वरीय पुलिस अधीक्षक कार्तिकेय के शर्मा सहित पटना मेट्रो रेल परियोजना के अन्य वरीय अधिकारी उपस्थित थे।

  

Related Articles

Post a comment