पूर्णिया में भाजपा स्थापना दिवस पर सदस्यता अभियान तेज, सैकड़ों महिलाओं ने थामा पार्टी का दामन


 पूर्णिया: भारतीय जनता पार्टी के स्थापना दिवस के अवसर पर पूर्णिया पूर्व प्रखंड अंतर्गत सिकंदरपुर पंचायत के फसिया मदारपुर संथाली टोला में भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का नेतृत्व भाजपा की जिलामंत्री नूतन गुप्ता ने किया।

इस मौके पर नूतन गुप्ता के नेतृत्व और पार्टी की नीतियों से प्रभावित होकर सैकड़ों महिलाओं ने भाजपा की प्राथमिक सदस्यता ग्रहण की। कार्यक्रम की शुरुआत झंडोत्तोलन और महान विभूतियों के चित्रों पर पुष्पांजलि अर्पित कर की गई।

पूरा इलाका “भाजपा जिंदाबाद”, “मोदी जिंदाबाद” और “जय श्रीराम” के नारों से गूंज उठा। कार्यक्रम के दौरान जिलामंत्री ने कार्यकर्ताओं और ग्रामीणों के साथ भाजपा के गौरवशाली इतिहास और अंत्योदय के संकल्प को दोहराया।

कार्यक्रम की सबसे खास बात संथाली टोला के ग्रामीणों का उत्साह रहा। नए सदस्यों के जुड़ने और स्थापना दिवस के मौके पर पूरे टोले में उत्सव जैसा माहौल देखने को मिला। नूतन गुप्ता ने खुद अपने हाथों से ग्रामीणों और बच्चों को मिठाई खिलाकर खुशी साझा की, जिससे लोगों में खास उत्साह देखा गया।

इस दौरान जिलामंत्री ने कहा कि भाजपा ही एकमात्र ऐसी पार्टी है जो समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति के विकास के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि भाजपा सिर्फ एक राजनीतिक दल नहीं, बल्कि एक विचारधारा है, जो अंत्योदय के संकल्प के साथ आगे बढ़ रही है।

उन्होंने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि शून्य से शुरू होकर आज भाजपा विश्व की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी बनी है, जिसका श्रेय कार्यकर्ताओं की मेहनत और समर्पण को जाता है। साथ ही उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में चल रही योजनाओं पर जनता के अटूट विश्वास की बात कही।

कार्यक्रम के दौरान सदस्यता अभियान के साथ-साथ ग्रामीणों की समस्याओं को भी सुना गया और उन्हें सरकार की योजनाओं का लाभ दिलाने का आश्वासन दिया गया।

इस अवसर पर पंचायत के गणमान्य लोग, स्थानीय बूथ अध्यक्ष एवं बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे, जिन्होंने कार्यक्रम को सफल बनाने में अहम भूमिका निभाई।

  

Related Articles

Post a comment