भागलपुर के मायागंज अस्पताल में पुख्ता की जाएगी सुरक्षा व्यवस्था, रेफरल भी होंगे कम

भागलपुर: बिहार की सम्राट सरकार लगातार स्वास्थ्य व्यवस्था बेहतर बनाने की कोशिश में जुटी हुई है। अब राज्य के सभी जिला एवं सदर अस्पतालों में व्यवस्था के साथ ही सुरक्षा पुख्ता की जा रही है। इसके तहत भागलपुर के मायागंज अस्पताल के सुरक्षा व्यवस्था में बड़े बदलाव किए जाएंगे। लोकनायक जयप्रकाश नारायण सदर अस्पताल, भागलपुर के प्रभारी डॉ राजू कुमार ने बताया कि स्वास्थ्य विभाग द्वारा लागू की गई नई रेफरल व्यवस्था का मुख्य उद्देश्य मरीजों को अनावश्यक परेशानी से बचाना है।

उन्होंने कहा कि अब मरीजों को केवल अत्यंत गंभीर या विशेष परिस्थितियों में ही बड़े मेडिकल कॉलेजों या हॉस्पिटलों में रेफर किया जाएगा। विभाग की प्राथमिकता है कि अधिकांश मरीजों का इलाज उनके नजदीकी जिला और सदर अस्पताल में ही संभव हो सके। अनावश्यक रेफरल की संख्या घटाने और गंभीर मरीजों को तुरंत राहत पहुंचाने के लिए इंफ्रास्ट्रक्चर को मजबूत किया जा रहा है। डॉ राजू कुमार ने जानकारी दी कि वर्तमान समय में लोकनायक जयप्रकाश नारायण सदर अस्पताल में रोजाना औसतन 800 मरीज इलाज और चिकित्सीय परामर्श के लिए पहुंच रहे हैं। इतनी बड़ी संख्या में मरीजों और परिजनों की आवाजाही को देखते हुए अस्पताल परिसर की सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत बनाया जाएगा। डॉक्टरों, स्वास्थ्यकर्मियों और मरीजों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए विशेष सुरक्षा बल तैनात रहेंगे।

  

Related Articles

Post a comment