मोदी के नेतृत्व पर भरोसा कर लोगों ने जताया है विश्वास, प्रचंड जीत के बाद बंगाल प्रभारी मंगल पांडेय ने कहा...
- by Manjesh Kumar
- 05-May-2026
- Views
पटना: पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में भाजपा को प्रचंड जीत मिली है जिसके बाद पार्टी में हर्ष और उल्लास का माहौल है। पश्चिम बंगाल भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष ने ऐलान कर दिया है कि 9 मई को भाजपा के मुख्यमंत्री कैबिनेट के साथ शपथ ग्रहण करेंगे, जिसकी तैयारी शुरू कर दी गई है। इससे पहले मंगलवार को पश्चिम बंगाल में जीत के लिए अहम भूमिका निभाने वाले राज्य प्रभारी एवं बिहार के पूर्व मंत्री मंगल पांडेय पटना पहुंचे। पटना आगमन के बाद मीडिया से बात करते हुए उन्होंने कई बड़ा बयान दिया।
पटना में मीडिया से बात करते हुए मंगल पांडेय ने कहा कि यह जीत किसी पार्टी या व्यक्ति विशेष की नहीं बल्कि राज्य के जनता की जीत है। पश्चिम बंगाल की जनता पिछले 15 वर्ष से सरकार की झेल रही थी वहीं हिंदुओं की हालत खस्ताहाल थी। राज्य में महिलाएं असुरक्षित थीं, युवाओं के पास रोजगार नहीं था, लोग पलायन के लिए मजबूर थे। पश्चिम बंगाल की जनता ने प्रधानमंत्री मोदी पर भरोसा करते हुए उनकी विकास की गारंटी पर वोट किया है। राज्य की नई सरकार अब वहां की जनता को हर वह चीजें देगी जो उनकी अपेक्षा है।
पश्चिम बंगाल प्रभारी मंगल पांडेय ने कहा कि इतने दिनों से ममता बनर्जी ने लोगों को आयुष्मान भारत योजना के लाभ से वंचित रखा था और अब वहां की करोड़ों जनता को इसका भी लाभ मिलेगा। बंगाल के विकास के लिए नए रास्ते खुलेंगे। हम बंगाल की जनता के आभारी हैं कि उन्होंने भाजपा पर अपना भरोसा जताया है और बंपर वोट से प्रचंड जीत दिलाई है। पश्चिम बंगाल के नए मुख्यमंत्री एक भव्य समारोह में शपथ लेंगे।


Post a comment