बड़ौदा अंडर-23 टीम पटना एयरपोर्ट पहुँची, बिहार के खिलाफ राजगीर स्टेडियम में 27 अक्टूबर से होगी भिड़ंत

पटना:  बड़ौदा अंडर-23 क्रिकेट टीम आज पटना एयरपोर्ट पहुँची, जहाँ बिहार क्रिकेट संघ के लाइज़न ऑफिसर रूपक कुमार ने बुके भेंट कर टीम का स्वागत किया। स्वागत के बाद टीम पटना एयरपोर्ट से सीधे राजगीर के लिए रवाना हो गई। बड़ौदा की टीम कुल 24 सदस्यीय दल के साथ बिहार पहुँची है, जिसमें 15 खिलाड़ी और 9 सपोर्ट स्टाफ के सदस्य शामिल हैं। बिहार और बड़ौदा अंडर-23 टीम के बीच चार दिवसीय क्रिकेट मुकाबला 27 अक्टूबर से राजगीर स्थित राजगीर इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में शुरू होगा। इस मुकाबले को लेकर बिहार क्रिकेट एसोसिएशन ने अपनी तैयारियाँ पूरी कर ली हैं। खिलाड़ियों और टीम अधिकारियों की सुविधा के साथ-साथ मैच के सफल आयोजन को लेकर आवश्यक व्यवस्थाएँ सुनिश्चित की गई हैं।

राजगीर इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में इस सीजन अब तक रणजी ट्रॉफी का एक मुकाबला और अंडर-23 वर्ग का एक मुकाबला खेला जा चुका है। बिहार और बड़ौदा के बीच 27 अक्टूबर से शुरू होने वाला यह चार दिवसीय मैच इस सीजन में इस मैदान पर आयोजित होने वाला तीसरा मुकाबला होगा। राजगीर का यह स्टेडियम बिहार में क्रिकेट गतिविधियों के प्रमुख केंद्र के रूप में उभर रहा है। आगामी मुकाबले को लेकर क्रिकेट प्रेमियों में उत्साह है। दोनों टीमें बेहतर प्रदर्शन के इरादे से मैदान पर उतरेंगी। बड़ौदा टीम के पटना आगमन और राजगीर के लिए प्रस्थान के साथ ही मुकाबले को लेकर गतिविधियाँ तेज हो गई हैं। बिहार क्रिकेट एसोसिएशन मैच के सफल आयोजन के लिए पूरी तरह तैयार है।

  

Related Articles

Post a comment