गौरीडीह में धूमधाम से संपन्न हुई दुर्गा पूजा, श्रद्धालुओं के बीच वितरित हुआ खिचड़ी महाभोग
- by Manjesh Kumar
- 24-Oct-2026
- Views
कटिहार: बरारी प्रखंड क्षेत्र में दुर्गा पूजा धूमधाम और भक्तिमय माहौल में संपन्न हो गई। इस दौरान विभिन्न पूजा पंडालों और मंदिरों में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी। पूजा संपन्न होने के बाद मां दुर्गा की प्रतिमाओं का विसर्जन शांतिपूर्ण तरीके से किया गया। वहीं, गौरीडीह गांव स्थित गौरीधाम मंदिर में श्री श्री 108 सार्वजनिक दुर्गा मंदिर पूजा समिति की ओर से आयोजित मेले का उद्घाटन समाजसेवी ई विकास तिवारी ने फीता काटकर किया। मेले के शुभारंभ के साथ ही मंदिर परिसर में उत्सवी माहौल बन गया।
इस अवसर पर मंदिर परिसर में धार्मिक अनुष्ठान आयोजित किए गए। मंदिर के मुख्य पुजारी पारस नाथ तिवारी और आचार्य श्याम लाल चौधरी ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच विधि-विधान से पूजा-अर्चना कराई। इसके बाद श्रद्धालुओं के बीच खिचड़ी महाभोग का वितरण किया गया। श्रद्धालुओं ने महाभोग ग्रहण कर मां दुर्गा से क्षेत्र की सुख-समृद्धि, शांति और खुशहाली की कामना की।
धार्मिक आयोजन सामाजिक सौहार्द को करते हैं मजबूत
मेले का उद्घाटन करते हुए समाजसेवी ई विकास तिवारी ने कहा कि दुर्गा पूजा हमारी आस्था, संस्कृति और परंपरा का प्रतीक है। ऐसे धार्मिक आयोजन लोगों को एक-दूसरे से जोड़ते हैं और समाज में प्रेम, भाईचारे तथा आपसी सद्भाव को मजबूत बनाते हैं। मां दुर्गा के प्रति श्रद्धा लोगों को सकारात्मक ऊर्जा और सेवा की प्रेरणा देती है। उन्होंने कहा कि गौरीधाम मंदिर से क्षेत्र के लोगों की गहरी आस्था जुड़ी हुई है। मंदिर के विकास और धार्मिक परंपराओं को आगे बढ़ाने में स्थानीय लोगों की सहभागिता महत्वपूर्ण है। सामूहिक सहयोग से ऐसे आयोजनों को और बेहतर बनाया जा सकता है।
कार्यक्रम में वार्ड सदस्य अवधेश साह, मंदिर समिति के अध्यक्ष अजय सिंह, देवकांत तिवारी, मनोज चौधरी, रवि तिवारी, मुकेश चौधरी, प्रवीण रिंकू और छोटू चौधरी सहित कई गणमान्य लोग मौजूद थे।


Post a comment