भागलपुर में मंदिर से लाखों के बहुमूल्य सामान की चोरी, पुलिस की कार्रवाई का लोगों ने किया विरोध
- by Manjesh Kumar
- 28-May-2026
- Views
भागलपुर: भागलपुर में एक मंदिर में अज्ञात चोरों ने बड़ी घटना को अंजाम दिया है। मामले की जानकारी मिलने के बाद स्थानीय लोगों में आक्रोश का माहौल है। मामले की सूचना मिलने के बाद स्थानीय थाना की पुलिस छानबीन में जुट गई। पुलिस ने कुछ संदिग्ध लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ के लिए थाना ले कर पहुंची लेकिन लोगों ने इसका भी विरोध किया। लोगों का कहना था कि हिरासत में लिए गए सभी लोग निर्दोष हैं। मामला भागलपुर के जगदीशपुर बायपास थाना क्षेत्र के फुलवरिया गांव का है जहां शिव पार्वती और हनुमान मंदिर में अज्ञात चोरों ने बड़ी चोरी की घटना को अंजाम दिया।
बताया जा रहा है कि गुरुवार की सुबह जब स्थानीय ग्रामीण पूजा करने मंदिर में पहुंचे तो ताला टूटा देखा और जब अंदर गए तो वहां से चांदी का नाग, मुकुट, गदा, कंगन, काढा, झांझ, चामर, शंख, घड़ीघंट, चांदी और पीतल के कई बर्तन गायब थे। ग्रामीणों ने चोरी गए सामानों की कीमत करीब चार लाख रूपए बताई। घटना की सूचना मिलते ही बाईपास पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने मंदिर परिसर और आसपास के इलाके में छानबीन की। डीएसपी विधि-व्यवस्था नवनीत कुमार भी मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों से घटना की जानकारी ले पुलिस अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिये।
पुलिस ने मामले की छानबीन के दौरान कुछ संदिग्ध युवकों को हिरासत में ले लिया और पूछताछ के लिए थाना ले आई। इसके बाद काफी संख्या में स्थानीय लोग थाना पहुंच गए और हिरासत में लिए गए युवकों को निर्दोष बताते हुए पुलिस की कार्रवाई का विरोध किया। मौके पर मौजूद महिला पुलिसकर्मियों और पुलिस पदाधिकारियों ने लोगों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन परिजन कार्रवाई का विरोध करते रहे। एहतियातन आसपास के थानों की पुलिस और वज्र वाहन बुलाया गया। बाईपास थानाध्यक्ष सुमन कुमार राय ने बताया कि मंदिर के पुजारी के बयान पर चोरी की प्राथमिकी दर्ज कर ली गयी है तथा विभिन्न बिंदुओं पर पुलिस पड़ताल कर रही है। मामले के उद्भेदन करने का प्रयास किया जा रहा है।


Post a comment