Bihar में पुलिस और थाना भी नहीं है सुरक्षित, मालखाना से गायब हो गए लाखों के सामान

पूर्णिया: आमलोगों के घर में चोरी होती है तो लोग पुलिस में शिकायत करते हैं और उन्हें उम्मीद भी होती है कि पुलिस है तो सब कुछ सुरक्षित रहेगा। इधर पूर्णिया से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है जिसके बाद अब एक तरफ आम लोगों की सुरक्षा पर सवाल तो उठा ही है दूसरी तरफ यह भी सामने आई है कि पुलिस और थाना भी सुरक्षित नहीं है। दरअसल पूर्णिया के जानकीनगर थाना से एक मामला सामने आया है जहां विभिन्न मामलों में जब्त किए गए लाखों रुपए के सामान मालखाना से गायब हो गया। बताया जा रहा है कि गायब सामान में जेवरात और रूपये हैं जो पुलिस ने विभिन्न मामलों में जब्त किए थे।  अब मामला सामने आने के बाद जिले के पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है।

मिली जानकारी के अनुसार जानकीनगर थाना क्षेत्र के एक किराना व्यवसायी के घर और दुकान में बीते दिनों भीषण चोरी की घटना हुई थी। चोरों ने घर और दुकान से लाखों रुपये के जेवरात, नकदी और अन्य कीमती सामान की चोरी कर ली थी। पीड़ित व्यवसायी की शिकायत पर जानकीनगर थाना में मामला दर्ज कर छानबीन शुरू की गई और चोरी के सामान के साथ चोर को भी पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपियों के पास से करीब दो लाख रुपए मूल्य के जेवरात, साढ़े 24 हजार रुपए नकद बरामद किए थे जो कि थाना के मालखाना में रखा गया था। चोरी के सामान पुलिस द्वारा जब्त किए जाने के बाद पीड़ित व्यावसाई ने कोर्ट से रिलीज ऑर्डर प्राप्त किया और जब थाना में अपना सामान लेने पहुंचे तो पता चला कि मालखाना में सामान नहीं है।

मालखाना से सामान गायब होने की जानकारी मिलने के बाद जिले के पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। जानकीनगर थानाध्यक्ष परीक्षित पासवान ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि थाना स्तर पर जांच टीम गठित कर दी गई है और मालखाना में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। जल्द ही सभी सामान बरामद कर लिए जाएंगे।

  

Related Articles

Post a comment