कटिहार में महिला को सांप ने काटा, गंभीर हालत में पूर्णिया में चल रहा है इलाज
- by Manjesh Kumar
- 21-May-2026
- Views
कटिहार: कटिहार के आजमनगर थाना क्षेत्र के चोलहर गांव में जहरीले सांप के डंसने से एक महिला की हालत गंभीर हो गई जिसका इलाज अस्पताल में किया जा रहा है। पीड़िता की पहचान गांव निवासी मोहम्मद तौफीक आलम की 36 वर्षीय पत्नी साजला तरन्नुम के रूप में की गई। घटना के बाद परिजनों में अफरा-तफरी मच गई और महिला को बचाने के लिए तत्काल प्रयास शुरू किए गए। बताया जा रहा है कि साजला तरन्नुम अपने घर में थीं, तभी अचानक जहरीले सांप ने उन्हें डस लिया। सांप के काटने के बाद महिला की तबियत तेजी से बिगड़ने लगी। घबराए परिजनों ने प्राथमिक उपाय के तौर पर उनके पैर में रस्सी बांध दी और आनन-फानन में इलाज के लिए आजमनगर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे जहां स्वास्थ्य केंद्र में मौजूद चिकित्सक ने प्रारंभिक इलाज के बाद बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से उन्हें कटिहार सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया।
कटिहार सदर अस्पताल में भी महिला की स्थिति को देखते हुए परिजनों ने आगे के इलाज के लिए पूर्णिया सदर अस्पताल लेकर चले गए। फिलहाल पूर्णिया सदर अस्पताल में महिला का इलाज चल रहा है। परिजन नदीम अफर्फी, आकिब अली राहत जहां के अनुसार उनकी हालत पहले से बेहतर बताई जा रही है। बता दें कि ग्रामीण क्षेत्रों में बरसात और गर्मी के मौसम में सांप निकलने की घटनाएं बढ़ जाती हैं, जिससे ऐसे हादसों का खतरा बना रहता है। वहीं प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी शैलेंद्र कुमार का कहना है कि सांप काटने की स्थिति में झाड़-फूंक या घरेलू उपायों के बजाय तुरंत अस्पताल पहुंचना चाहिए ताकि समय पर इलाज मिल सके और मरीज की जान बचाई जा सके।


Post a comment