गरीबों के हक का एक दाना भी कम मिला तो होगी कार्रवाई: जदयू विधायक

मुजफ्फरपुर: मड़वन प्रखंड मुख्यालय स्थित सभागार में शुक्रवार को कांटी विधायक सह पूर्व मंत्री ई अजीत कुमार ने जन वितरण प्रणाली दुकानदारों के साथ बैठक कर राशन वितरण व्यवस्था की समीक्षा की। बैठक में लाभुकों को समय पर खाद्यान्न उपलब्ध कराने, ई-पॉश मशीन की समस्या, केवाईसी तथा दुकानदारों के कमीशन समेत कई मुद्दों पर विस्तार से चर्चा हुई।  प्रखंड के एमओ विवेक कुमार ने बैठक में बताया कि नए राशन कार्ड के लिए कुल 3200 आवेदन प्राप्त हुए हैं, जिनमें करीब 1500 लाभुकों का केवाईसी पूरा हो चुका है। उन्होंने लोगों से अपील की कि जिन लाभुकों का केवाईसी अब तक नहीं हुआ है, वे अपने-अपने पीडीएस दुकानदार के पास जाकर केवाईसी पूरा करा लें, ताकि राशन मिलने में किसी प्रकार की परेशानी नहीं हो।

विधायक ई अजीत कुमार ने कहा कि किसी भी उपभोक्ता को निर्धारित मात्रा से कम अनाज नहीं मिलना चाहिए। गरीबों के हक के राशन में कटौती या किसी प्रकार की अनियमितता की शिकायत मिलने पर संबंधित अधिकारियों को नियमित जांच करने का निर्देश दिया गया है। उन्होंने डीलरों से भी सरकार के नियमों के अनुसार पारदर्शिता के साथ राशन वितरण करने और लाभुकों के साथ उचित व्यवहार करने को कहा। बैठक में पीडीएस दुकानदारों ने समय पर कमीशन नहीं मिलने की समस्या उठाते हुए कहा कि इससे उनके सामने आर्थिक संकट और भुखमरी जैसी स्थिति उत्पन्न हो रही है। इस पर विधायक ने मामले को गंभीरता से लेते हुए डीएम से मिलकर समस्या के समाधान का आश्वासन दिया। दुकानदारों ने वर्षों से खराब ई-पॉश मशीनों को दुरुस्त कराने तथा समय पर खाद्यान्न उपलब्ध कराने की मांग भी रखी।

विधायक ने कहा कि दुकानदारों के साथ अधिकारियों द्वारा दुर्व्यवहार या किसी प्रकार की उगाही भी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। मौके पर बीडीओ किशन चंद्रयान, एमओ विवेक कुमार, सहायक गोदाम प्रबंधक संजीव कुमार, गणेश प्रसाद सिंह, अजय ठाकुर, रंजीत सिंह, पप्पू गुप्ता, अरुण सिंह, सुबोध पांडेय, सतेंद्र कुमार सहित विभिन्न पंचायतों के सभी पीडीएस दुकानदार मौजूद थे।<

मुजफ्फरपुर से रूपेश कुमार की रिपोर्ट

  

Related Articles

Post a comment