गाड़ी के लिए चाहिए बिहार का नंबर तो देना होगा 15 हजार, निगरानी की टीम ने डाटा एंट्री ऑपरेटर को घूस लेते हुए दबोचा

सुपौल: बिहार में इन दिनों भ्रष्टाचार के विरुद्ध लगातार कार्रवाई जारी है। इसी कड़ी में सुपौल में निगरानी की टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए जिला परिवहन कार्यालय के डाटा एंट्री ऑपरेटर को घूस लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। डाटा एंट्री ऑपरेटर की गिरफ्तारी के बाद जिले के सरकारी महकमे में हड़कंप मच गया। बताया जा रहा है कि जिला परिवहन कार्यालय में कार्यरत डाटा एंट्री ऑपरेटर नंदलाल कुमार ने वाहन के लिए बिहार का नंबर देने के लिए 15 हजार रुपए की मांग की थी। आज वही रकम लेते हुए निगरानी की टीम ने रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया।

मामले की जानकारी देते हुए निगरानी के डीएसपी विंध्याचल प्रसाद ने बताया कि ललितग्राम थाना क्षेत्र के मोहम्मद अजहर अली ने शिकायत दर्ज कराई थी कि वह अपनी गाड़ी को बिहार में ट्रांसफर करना चाहते हैं। बिहार के नंबर के लिए उन्होंने सुपौल जिला परिवहन कार्यालय में आवेदन किया जिसके लिए उनसे डाटा एंट्री ऑपरेटर ने 15 हजार रुपए की मांग की। शिकायत के आधार पर निगरानी विभाग ने एक टीम गठित की और अपना जाल बिछाया। इसी के दौरान डाटा एंट्री ऑपरेटर को 15 हजार रुपए घूस लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। डीएसपी ने बताया कि तत्काल कार्रवाई में कोई अन्य व्यक्ति शामिल नहीं पाया गया है। कार्रवाई के दौरान निगरानी एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो, पटना के पुलिस उपाधीक्षक विंध्याचल प्रसाद समेत टीम के अधिकारी मौजूद रहे।

  

Related Articles

Post a comment