बिहार में बढ़ते अपराध को लेकर भाई वीरेंद्र का सरकार पर हमला, चुनाव आयोग पर भी लगाए गंभीर आरोप

भागलपुर: भागलपुर पहुंचे राजद विधायक भाई वीरेंद्र ने बिहार में बढ़ते अपराध को लेकर सरकार और शासन-प्रशासन पर जमकर हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य में लगातार अपराध बढ़ रहे हैं और सरकार अपराध पर लगाम लगाने में नाकाम साबित हो रही है। भाई वीरेंद्र ने कहा कि दिनदहाड़े महिलाओं और लड़कियों के साथ छेड़खानी और दुष्कर्म की घटनाएं सामने आ रही हैं, जिससे देश-दुनिया में बिहार की छवि पर सवाल खड़े हो रहे हैं। उन्होंने जमुई, समस्तीपुर और मंदार समेत अलग-अलग जगहों पर हुई घटनाओं का जिक्र करते हुए कहा कि पटना में भी दिनदहाड़े गोलीबारी की घटना सामने आई है, जिसमें पूर्व वार्ड पार्षद अनिल यादव गंभीर रूप से घायल हैं। उन्होंने सरकार से अपराधियों पर जल्द कार्रवाई और उन्हें सजा दिलाने की मांग की। भाई वीरेंद्र ने कहा कि अपराधी की कोई जाति नहीं होती और अपराध के खिलाफ कार्रवाई जाति देखकर नहीं, बल्कि अपराध के आधार पर होनी चाहिए।

एनकाउंटर को लेकर भी उन्होंने सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि सिर्फ पीठ थपथपाने से अपराध पर लगाम नहीं लगेगी। डीएम, एसपी, डीएसपी और पुलिस प्रशासन सरकार के अधीन हैं, इसलिए अपराध रोकने की जिम्मेदारी भी सरकार की है। उन्होंने प्रशासन और अपराधियों के बीच कथित मिलीभगत की जांच की जरूरत बताई। वहीं, मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को लेकर भाई वीरेंद्र ने चुनाव आयोग पर भी गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि चुनाव आयोग को लेकर लोगों का विश्वास पहले ही कमजोर हुआ था और अब कुछ घटनाओं के बाद सवाल और बढ़े हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि बिहार और पश्चिम बंगाल में चुनाव के दौरान मतदाताओं के अधिकार प्रभावित किए गए और ईवीएम में भी छेड़छाड़ के आरोप लगाए।

भाई वीरेंद्र ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार पर पद के दुरुपयोग का आरोप लगाते हुए उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की। उन्होंने कहा कि राजद चुनाव आयोग के खिलाफ देशभर में विरोध करेगा और युवाओं से भी सड़क पर उतरकर विरोध करने की अपील की।

  

Related Articles

Post a comment