समस्तीपुर: करीब 1 सप्ताह पुरानी है घटना, वीडियो सामने आते ही पुलिस ने 6 घंटे के अंदर 4 को दबोचा

समस्तीपुर: छेड़खानी की जानकारी के 6 घंटे बाद ही दबोच लिए गए चारों आरोपी। घटना का वीडियो सामने आने के बाद तुरंत हरकत में आई पुलिस, सोशल मीडिया पर कंटेंट शेयर नहीं करने की दी सलाह

समस्तीपुर: समस्तीपुर जिला में कर्पूरीग्राम थाना क्षेत्र के अंतर्गत जगतसिंहपुर गांव में मौजूद बांध के पास सड़क के पास एक नाबालिग लड़की के साथ छेड़खानी का वीडियो सामने आया था। पुलिस मुख्यालय की सोशल मीडिया निगरानी के दौरान वायरल हो रहा यह वीडियो सामने आया। इसमें 3-4 व्यक्ति एक लड़की के साथ अभद्र व्यवहार करते हुए दिख रहे थे। इस मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस ने वीडियो में दिख रहे सभी चार आरोपियों को छह घंटे के अंदर गिरफ्तार कर लिया। जिन चार अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया है, उनमें जगतसिंहपुर गांव के रहने वाले विकास कुमार, राहुल कुमार, रामबाबू सहनी के अलावा कर्पूरीग्राम थाना क्षेत्र में मौजूद बिजौलिया गांव निवासी अवधेश पासवान शामिल है।

गिरफ्तार करने के बाद चारों अभियुक्तों पर विधि सम्मत कार्रवाई की जा रही है। इस मामले को लेकर पुलिस ने खासतौर से अपील जारी की है कि इसका वीडियो किसी मीडिया या सोशल मीडिया पर वायरल नहीं करें, ताकि पीड़िता की पहचान उजागर नहीं हो सके। साथ ही पीड़िता के लिए मानसिक एवं सामाजिक क्षति पहुंचाने वाले पोस्ट या कंटेंट सोशल मीडिया पर शेयर करने से बचें। इस तरह के पोस्ट सोशल मीडिया या अन्य किसी पब्लिक प्लेटफॉर्म पर जारी करना संज्ञेय अपराध है। पुलिस ने मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए वीडियो का तत्काल तकनीकी सत्यापन कराया, जिसके आधार पर घटनास्थल की पहचान हो सकी और सभी आरोपियों के बारे में जानकारी मिल सकी।

एक सप्ताह पुरानी है घटना

यह घटना करीब एक सप्ताह पुरानी बताई जा रही है। पीड़िता की पहचान स्थापित नहीं हो पाने तथा घटना की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस पदाधिकारी के बयान के आधार पर ही त्वरित कार्रवाई करते हुए कर्पूरीग्राम थाना में कांड संख्या 117/26 दिनांक 24 सितंबर को दर्ज की गई है। इसमें भारतीय न्याय संहिता, पॉक्सो एक्ट और आईटी एक्ट की सुसंगत धाराएं जोड़ी गई हैं।

  

Related Articles

Post a comment