अंतरजातीय विवाह के बाद युवती के परिजनों को मिल रही धमकी, आशीष गोस्वामी और एमएलए दुलालचंद गोस्वामी ने दिलाया सुरक्षा का भरोसा

पूर्णिया: बीते दिनों पूर्णिया में एक युवती के अपने प्रेमी के साथ अंतरजातीय शादी करने का मामला सोशल मीडिया काफी तेजी से वायरल हो रहा है। इस बीच युवती के परिजनों ने कुछ लोगों के द्वारा धमकी दिए जाने की बात कहीं और परिवार पर खतरा बताया। मामले की जानकारी मिलने के बाद विश्व हिंदू युवा वाहिनी के राष्ट्रीय अध्यक्ष आशीष गोस्वामी और कटिहार के पूर्व सांसद एवं कदवा के विधायक दुलालचंद्र गोस्वामी ने पीड़ित परिवार से मुलाकात कर उन्हें सुरक्षा और न्याय का भरोसा दिलाया। इस दौरान जदयू के वरिष्ठ नेता पप्पू गिरी सहित गोस्वामी समाज के लोग बड़ी संख्या में मौजूद रहे। पीड़ित परिवार से मुलाकात कर पूरे मामले की जानकारी ली गई और परिवार को हरसंभव सहयोग, सुरक्षा एवं न्याय का भरोसा दिया गया।

जातिवाद के नाम पर माहौल बिगाड़ने वालों को चिन्हित कर कार्रवाई हो: आशीष गोस्वामी 

विश्व हिंदू युवा वाहिनी के राष्ट्रीय अध्यक्ष आशीष गोस्वामी ने कहा कि जब कानून बालिग युवक-युवती को अपनी इच्छा से विवाह करने का अधिकार देता है, तो फिर ऐसे विवाह के मामले को लेकर इतनी राजनीतिक हलचल क्यों पैदा की जा रही है। उन्होंने सवाल उठाया कि किसी एक जाति को निशाना बनाकर कुछ लोगों द्वारा आखिर क्या संदेश देने और क्या प्रयास करने की कोशिश की जा रही है। इस मामले में जातिवाद के नाम पर सोशल मीडिया पर लोगों को उकसाने या जिले की शांति एवं सामाजिक सौहार्द प्रभावित करने का प्रयास करने वाले लोगों को चिन्हित किया जाना चाहिए। उन्होंने जिला प्रशासन एवं पुलिस प्रशासन से अपील की कि ऐसे लोगों की गतिविधियों की जांच कर, यदि कानून का उल्लंघन पाया जाता है, तो संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की जाए।

आशीष गोस्वामी ने कहा कि समाज की हर बेटी-बहन को अपनी बेटी-बहन मानकर सम्मान और सुरक्षा देना चाहिए। जाति को आधार बनाकर समाज को बांटने और आपसी सौहार्द प्रभावित करने का प्रयास दुखद है। उन्होंने कहा कि विश्व हिंदू युवा वाहिनी संघ हमेशा सनातन समाज को एकजुट कर सभी को साथ लेकर चलने के लिए कार्य करता रहा है। संगठन ने सभी जातियों की बहन-बेटियों को अपनी बहन-बेटी माना है और आगे भी समाज में एकता एवं भाईचारे के लिए कार्य करता रहेगा। उन्होंने कहा कि समाज में कुछ लोग जातिवाद को बढ़ावा देते हुए बहन-बेटियों के नाम पर राजनीति करने का प्रयास करते हैं। ऐसे लोगों से भी अपील है कि जातिवाद छोड़कर समाज की बहन-बेटियों के सम्मान और सुरक्षा को प्राथमिकता दें तथा समाज में आपसी भाईचारा और सौहार्द बनाए रखने में सहयोग करें। उन्होंने सभी वर्गों से संयम बरतने तथा जिले में कानून-व्यवस्था और सामाजिक सौहार्द बनाए रखने में प्रशासन का सहयोग करने की अपील की।

बिहार में कानून का राज, डराने-धमकाने से कुछ हासिल नहीं होगा: दुलालचंद गोस्वामी

कटिहार के पूर्व सांसद एवं कदवा विधायक दुलालचंद गोस्वामी ने पीड़ित परिवार को भरोसा दिलाया कि बिहार में कानून का राज है। उन्होंने कहा कि किसी पर झूठे आरोप लगाने, डराने या धमकाने से कुछ हासिल नहीं होगा। उन्होंने पूर्णिया के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक से बात कर मामले में जल्द न्याय दिलाने का प्रयास करने तथा परिवार को डराने-धमकाने वालों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई का भरोसा दिया।

दुख की घड़ी में परिवार के साथ मजबूती से खड़े हैं: पप्पू गिरी

जदयू के वरिष्ठ नेता पप्पू गिरी ने कहा कि घटना के समय से ही परिजन उनके संपर्क में हैं। वे लगातार परिवार के संपर्क में हैं और इस दुख की घड़ी में परिवार के साथ मजबूती से खड़े हैं।

मौके पर विश्व हिंदू युवा वाहिनी संघ के कटिहार जिला उपाध्यक्ष संजीव गोस्वामी, राष्ट्रीय मंत्री खगेश कुमार गोस्वामी सहित मुन्ना गोस्वामी, विशाल गोस्वामी, मनीष गोस्वामी, सुनील गोस्वामी, कन्हैया गोस्वामी, सोनू गोस्वामी, शशि गोस्वामी, जय किशोर गोस्वामी, मनजीत गोस्वामी, नटवर झा एवं अनु गिरी सहित गोस्वामी समाज के अन्य कई लोग मौजूद रहे।

  

Related Articles

Post a comment