गुरुमेला पंचायत में सहयोग शिविर, विभिन्न योजनाओं से जुड़े 77 आवेदन प्राप्त
- by Manjesh Kumar
- 05-Aug-2026
- Views
कटिहार: प्रखंड की गुरुमेला पंचायत में मंगलवार को आमजनों की समस्याओं के त्वरित निष्पादन एवं सरकारी योजनाओं का लाभ सुलभ कराने के उद्देश्य से सहयोग शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में विभिन्न विभागों से संबंधित कुल 77 आवेदन प्राप्त हुए। प्राप्त आवेदनों में राशन कार्ड के 16, जन्म प्रमाण पत्र के 22, मृत्यु प्रमाण पत्र के 9, सामाजिक सुरक्षा पेंशन के 6, व्यक्तिगत शौचालय योजना के 5, कबीर अंत्येष्टि योजना के 9 तथा आय एवं आवासीय प्रमाण पत्र के 10 आवेदन शामिल हैं। संबंधित विभागों के अधिकारियों ने आवेदनों की जांच कर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी।
शिविर के दौरान गुरुमेला पंचायत के मुखिया राजकुमार यादव ने विद्युत विभाग के कनीय अभियंता (जेई) को आवेदन सौंपकर पंचायत क्षेत्र में आवश्यक स्थानों पर नए बिजली पोल लगाने तथा कृषि कार्यों के लिए खेतों तक विद्युत लाइन का विस्तार करने की मांग की। उन्होंने कहा कि कई कृषि क्षेत्रों में बिजली की सुविधा नहीं होने से किसानों को सिंचाई में कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। साथ ही पंचायत के विभिन्न हिस्सों में नए पोल लगाकर विद्युत व्यवस्था को सुदृढ़ करने का आग्रह किया।
शिविर में प्रखंड विकास पदाधिकारी धीरेन्द्र कुमार धीरज, अंचलाधिकारी मनीष कुमार, बीपीआरओ राजकुमार सिंह, सीडीपीओ विभा कुमारी, एमओ आदर्श अमन सहित विभिन्न विभागों के पदाधिकारी एवं कर्मी मौजूद रहे। अधिकारियों ने लाभुकों को भरोसा दिलाया कि प्राप्त आवेदनों का नियमानुसार शीघ्र निष्पादन सुनिश्चित किया जाएगा।


Post a comment