गंगा दशहरा को लेकर काढ़ागोला घाट पर स्वच्छता अभियान, श्रद्धालुओं के लिए बेहतर सुविधा उपलब्ध कराने में जुटे गंगा समग्र के स्वयंसेवक
- by Manjesh Kumar
- 24-May-2026
- Views
गंगा दशहरा को लेकर काढ़ागोला घाट पर विशेष स्वच्छता अभियान। श्रद्धालुओं को स्वच्छ और सुंदर घाट उपलब्ध कराने में जुटे गंगा समग्र के स्वयंसेवक
कटिहार: गंगा दशहरा के पावन अवसर को लेकर काढ़ागोला घाट पर गंगा समग्र के स्वयंसेवकों द्वारा विशेष तैयारियां की जा रही हैं। इसी कड़ी में रविवार को घाट परिसर में व्यापक स्वच्छता अभियान चलाया गया। अभियान का उद्देश्य गंगा स्नान और पूजा-अर्चना के लिए आने वाले श्रद्धालुओं को स्वच्छ एवं सुंदर घाट उपलब्ध कराना था। गंगा समग्र के स्वयंसेवकों ने घाट परिसर की साफ-सफाई कर लोगों को गंगा को स्वच्छ एवं अविरल बनाए रखने का संदेश भी दिया। संगठन द्वारा लगातार साप्ताहिक स्वच्छता अभियान, मासिक गंगा आरती तथा हरिशंकरी वृक्षारोपण जैसे कार्यक्रम चलाए जाते रहे हैं।
गंगा समग्र के जिला संयोजक नवीन चौधरी ‘बाबा’ ने बताया कि गंगा दशहरा का दिन श्रद्धालुओं के लिए विशेष महत्व रखता है, क्योंकि इसी दिन माँ गंगा का धरती पर अवतरण हुआ था। उन्होंने कहा कि गंगा समग्र के स्वयंसेवक माँ गंगा को स्वच्छ और निर्मल बनाए रखने के लिए कृतसंकल्पित हैं। गंगा दशहरा के अवसर पर काढ़ागोला घाट पर लाखों श्रद्धालु गंगा स्नान, पूजा-पाठ और धार्मिक अनुष्ठान करने पहुंचते हैं। श्रद्धालु परंपरा के अनुसार माँ गंगा को पाठा (बकरी) और आम भी अर्पित करते हैं। उन्होंने बताया कि गंगा दशहरा के अवसर पर गंगा समग्र द्वारा गंगा आरती, खिचड़ी महाप्रसाद तथा हरिशंकरी वृक्षारोपण जैसे कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा।
जिला सहसंयोजक मनोज साह ने बताया कि गंगा समग्र के स्वयंसेवकों द्वारा प्रत्येक रविवार को स्वच्छता एवं जागरूकता अभियान चलाया जाता है। इस क्रम में रविवार को 384वां स्वच्छता अभियान आयोजित किया गया। उन्होंने कहा कि गंगा दशहरा में भारी संख्या में श्रद्धालुओं के आगमन को देखते हुए प्रखंड विकास पदाधिकारी को ज्ञापन सौंपकर घाट पर आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग की गई है, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े। कार्यक्रम में आरती प्रमुख जीवछ गुप्ता, घाट प्रमुख राजकुमार साह, संजू राय, राहुल राज, रूदल मंडल, फकीर पंडित, राहुल सिंह, बबलू सिंह सहित कई स्वयंसेवक मौजूद रहे।


Post a comment