'निर्वाचक नामावली की शुद्धता' विषय पर अंतरराष्ट्रीय कार्यशाला आयोजित, कई देशों के प्रतिनिधि भी हुए शामिल

श्रीलंका, मॉरीशस, भूटान सहित कई देशों के प्रतिनिधि वीडियो कान्फ्रेंसिंग के माध्यम से जुड़े

पटना: मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के कार्यालय, बिहार द्वारा चाणक्य राष्ट्रीय विधि विश्वविद्यालय (सीएनएलयू), पटना के सहयोग से "निर्वाचक नामावली की शुद्धता (Purity of Electoral Rolls)" विषय पर एक अंतरराष्ट्रीय कार्यशाला का आयोजन बुधवार को चाणक्य राष्ट्रीय विधि विश्वविद्यालय परिसर में किया गया। कार्यशाला में बिहार के राष्ट्रीय स्तर के सभी मास्टर ट्रेनर (NLMT) तथा राज्य स्तरीय मास्टर ट्रेनर (SLMT) ने अपनी सहभागिता दी, साथ ही ECI, IIIDEM एवं श्रीलंका, मॉरीशस, भूटान सहित कई देशों के प्रतिनिधि तथा विभिन्न राज्यों के मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी द्वारा नामित पदाधिकारी वीडियो कान्फ्रेंसिंग के माध्यम से जुड़े। कार्यशाला का शुभारंभ अतिथियों के स्वागत के साथ हुआ। स्वागत भाषण सीएनएलयू के सामाजिक विज्ञान एवं मानविकी संकाय के डीन-सह-रजिस्ट्रार प्रो डॉ एसपी सिंह ने दिया।

अपर मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी माधव कुमार सिंह ने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती के लिए त्रुटिरहित एवं अद्यतन निर्वाचक नामावली अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने मतदाता सूची की शुद्धता सुनिश्चित करने के लिए निर्वाचन आयोग द्वारा किए जा रहे प्रयासों तथा सभी हितधारकों की सक्रिय भागीदारी पर बल दिया। इसके पश्चात उप मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी अशोक प्रियदर्शी ने "निर्वाचक नामावली की शुद्धता" विषय पर विस्तृत प्रस्तुति दी। उन्होंने निर्वाचन प्रक्रिया की विश्वसनीयता बनाए रखने में शुद्ध निर्वाचक नामावली के महत्व को रेखांकित किया। कार्यशाला में भारत अंतर्राष्ट्रीय लोकतंत्र एवं निर्वाचन प्रबंधन संस्थान (IIIDEM), नई दिल्ली के संजय शर्मा ने विषयगत प्रस्तुति दी, जबकि पटना के उप विकास आयुक्त तथा दानापुर के निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी (ईआरओ) ने निर्वाचन नामावली के प्रशासनिक एवं तकनीकी पहलुओं तथा व्यावहारिक चुनौतियों पर अपने अनुभव साझा किए।

इस अवसर पर राष्ट्रीय विधि संस्थान विश्वविद्यालय, भोपाल के पूर्व कुलपति डॉ वी विजय कुमार तथा अन्य निर्वाचन प्रबंधन निकायों के प्रतिनिधियों ने भी अपने विचार व्यक्त किए। कार्यशाला में शिखा सिन्हा, अवर निर्वाचन पदाधिकारी ने अपनी प्रस्तुति दी। इसके बाद प्रतिभागियों के साथ संवाद एवं परिचर्चा आयोजित की गई, जिसमें निर्वाचक नामावली की शुद्धता, तकनीकी नवाचार तथा प्रशासनिक चुनौतियों  पर व्यापक चर्चा हुई। कार्यशाला में निर्वाचन अधिकारियों, शिक्षाविदों, शोधकर्ताओं एवं संस्थान के प्रतिनिधियों व विद्यार्थियों ने भाग लिया।

इस अवसर पर उप मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी मनोज कुमार सिंह, उप मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी रत्नांबर निलय, संयुक्त सचिव किशोर कुमार, उप निर्वाचन पदाधिकारी, पूनम कुमारी, धीरज कुमार,  निवेदिता सिन्हा, जनसंपर्क पदाधिकारी रंजीत रंजन सहित विभाग के वरीय पदाधिकारीगण उपस्थित थे।

  

Related Articles

Post a comment