फिर से एक्शन में बिहार पुलिस, एक दिन में दो एनकाउंटर, सीतामढ़ी और समस्तीपुर में अपराधी को मारी गोली

पटना: बीते दिनों भोजपुर में भरत तिवारी एनकाउंटर मामले में विवाद शुरू होने के बाद अब एक बार फिर बिहार पुलिस ने अपराधियों को गोली मारना शुरू कर दिया है। पुलिस ने एक ही दिन में दो मुठभेड़ में जहां दो अपराधियों के पैर में गोली मारी है तो दूसरी तरफ कुल 7 अपराधियों को हथियार के साथ गिरफ्तार किया है। पहला मामला सीतामढ़ी का है जहां गुरुवार और शुक्रवार की मध्य रात्रि पुलिस ने एनकाउंटर में एक अपराधी के पैर में गोली मारी तथा घायल हालत में उसे गिरफ्तार कर लिया। इसके साथ ही पुलिस ने चार अन्य अपराधियों को भी गिरफ्तार किया। पुलिस ने उनके पास से हथियार भी बरामद किया है।

लूट मामले का हुआ खुलासा

मामला सीतामढ़ी के परसौनी थाना क्षेत्र का है जहां गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी में पहुंची पुलिस ने एनकाउंटर किया। जानकारी के अनुसार पुलिस को गुरुवार की देर रात गुप्त सूचना मिली थी कि परसौनी थाना क्षेत्र में कुछ हथियारबंद अपराधी इकट्ठा हुए हैं और किसी बड़ी आपराधिक वारदात को अंजाम देने की योजना बना रहे हैं। सूचना के आधार पर पुलिस जब मौके पर पहुंची तो अपराधियों ने पुलिस पर फायरिंग करते हुए भागने की कोशिश की। इस दौरान पुलिस की जवाबी कार्रवाई में एक अपराधी के पैर में गोली लग गई। इस दौरान पुलिस ने फेकन कुमार, फेकन कुमार 2 उर्फ चंदन कुमार, लड्डू कुमार, अविनाश कुमार और कमलेश कुमार को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने इनके पास से 2 देसी कट्टा, 1 देसी पिस्टल, 2 कारतूस और लूट में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल बरामद की गई है। प्रारंभिक जांच में मुख्य आरोपी का कई लूट, डकैती और अन्य गंभीर आपराधिक मामलों में संलिप्तता सामने आई है।

समस्तीपुर में भी एक अपराधी जख्मी

गिरफ्तार अपराधियों से पूछताछ में जानकारी सामने आई कि हाल ही में रीगा थाना क्षेत्र में एक सीएसपी संचालक से डेढ़ लाख रुपए लूटपाट में भी इन अपराधियों का हाथ था। फिलहाल पुलिस सभी अपराधियों से पूछताछ कर अन्य मामलों का पता लगाने की कोशिश में जुटी हुई है। वहीं दूसरी तरफ समस्तीपुर पुलिस ने मुठभेड़ के दौरान एक अपराधी को गोली मारी साथ ही दो अपराधियों को गिरफ्तार किया। शुक्रवार को वैशाली और समस्तीपुर जिले की सीमा पर स्थित बंगरा थाना क्षेत्र के बलीगांव के पास पुलिस ने अपराधी अमन कुमार को दौड़ा कर गोली मारी। जानकारी के अनुसार इस दौरान अमन का एक साथी भागने की कोशिश में गिरकर घायल हो गया। पुलिस ने दोनों घायलों को गिरफ्तार कर इलाज के लिए समस्तीपुर सदर अस्पताल में भर्ती कराया है।

समस्तीपुर सदर डीएसपी ने जानकारी दी कि अमन कुमार एक पेशेवर अपराधी है और हाल ही में जेल से बाहर आया था। वह किसी बड़ी आपराधिक वारदात को अंजाम देने की फिराक में था। अमन चकहैसी थाना क्षेत्र का निवासी है, जबकि उसका साथी लक्ष्मी मुजफ्फरपुर जिले के मुसहरी का रहने वाला है।दोनो के पास से हथियार भी बरामद किया गया है।

  

Related Articles

Post a comment