DM ने की LPG की उपलब्धता और आपूर्ति की समीक्षा, अधिकारियों को कहा 'कालाबाजारी करने वाले के खिलाफ करें सख्त कार्रवाई'

जिलाधिकारी ने की एलपीजी आपूर्ति, वितरण एवं पीएनजी कनेक्शन में प्रगति की समीक्षा, पदाधिकारियों को उपभोक्ताओं की हर सुविधा का ख्याल रखने का दिया निर्देश। उपभोक्ताओं को पीएनजी की सुविधा मिशन मोड में उपलब्ध कराएँ। ब्लैकमार्केटिंग, होर्डिंग, ओवरप्राइसिंग सहित किसी भी तरह की अवैध गतिविधि के विरूद्ध प्रशासन की जीरो टॉलरेंस की नीति; पदाधिकारीगण सजग एवं तत्पर रहकर आदेशों का अनुपालन कराएँः जिलाधिकारी

पटना: पटना के जिला पदाधिकारी ने वरीय पुलिस अधीक्षक, नगर आयुक्त, उप विकास आयुक्त, सभी पुलिस अधीक्षकों, अनुमंडल पदाधिकारियों, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारियों, अपर जिला दंडाधिकारी आपूर्ति, विशिष्ट पदाधिकारी अनुभाजन, गैस कंपनियों के अधिकारियों, प्रखंड विकास पदाधिकारियों, अंचलाधिकारियों, थानाध्यक्षों एवं अन्य अधिकारियों के साथ एलपीजी गैस की आपूर्ति एवं वितरण की समीक्षा की तथा इसकी उपलब्धता, बुकिंग एवं डिलिवरी की अद्यतन स्थिति का जायजा लिया। पदाधिकारियों को ’उपभोक्ताओं की हर सुविधा का ध्यान रखने’, पारदर्शी तरीके से एलपीजी गैस की सुचारू आपूर्ति सुनिश्चित करने, होम डिलीवरी की व्यवस्था को सुदृढ़ करने, ’कालाबाजारी, होर्डिंग, ओवरप्राइसिंग एवं अवैध उपयोग की शिकायत आने पर ऐसे कार्यों में संलिप्त व्यक्तियों के विरूद्ध तुरत प्राथमिकी दर्ज करने एवं गिरफ्तार करने’ के साथ ’गैस एजेंसियों के प्रतिनिधियों को रिस्पॉसिबल (उत्तरदायित्वपूर्ण) तरीके’ से कार्य करने का निदेश दिया।

जिलाधिकारी ने नियंत्रण कक्ष में प्राप्त शिकायतों का विधिवत एवं त्वरित गति से निष्पादित करने तथा पब्लिक डोमेन में आने वाली अफवाहों का तुरंत खंडन करने का निदेश दिया। उन्होंने मिशन मोड में पीएनजी की सुविधा उपलब्ध कराने, व्यावसायिक प्रतिष्ठानों को गैस आपूर्ति में आदेशों का क्रियान्वयन करने, आवश्यक वस्तुओं एवं सेवाओं की निर्बाध उपलब्धता सुनिश्चित करने, प्रवासी श्रमिकों के हितों का संरक्षण करने के साथ अधिकारियों को उपभोक्ताओं, तेल विपणन कंपनियों, गैस एजेंसियों, माननीय जन-प्रतिनिधियों सहित सभी स्टेकहोल्डर्स के साथ सतत सम्पर्क एवं संवाद स्थापित कर सुझाव तथा फीडबैक प्राप्त करने सहित सरकार के आदेशों का सम्यक अनुपालन सुनिश्चित करने का निदेश दिया।

जिलाधिकारी ने कहा कि डोमेस्टिक एलपीजी गैस की सुचारू आपूर्ति एवं वितरण सुनिश्चित करने के लिए संपूर्ण प्रशासनिक तंत्र सजग, तत्पर तथा प्रतिबद्ध है। उपभोक्ताओं को कोई समस्या न हो इसके लिए जिला प्रशासन के अधिकारियों द्वारा लगातार निरीक्षण कराया जा रहा है तथा एलपीजी गैस के ब्लैकमार्केटिंग एवं अन्य अवैध कार्यों में लिप्त लोगों के विरुद्ध विधिसम्मत कार्रवाई की जा रही है। अपर जिला दंडाधिकारियों एवं अन्य जिला-स्तरीय पदाधिकारियों, अनुमंडल पदाधिकारियों/अनुमंडल-स्तरीय अन्य पदाधिकारियों तथा प्रखंड-स्तरीय पदाधिकारियों द्वारा एलपीजी गैस डीलर्स एवं वितरकों के यहाँ नियमित तौर पर निरीक्षण तथा छापामारी की जा रही है। उपभोक्ताओं, माननीय जन प्रतिनिधियों एवं आम जनता से ’फीडबैक’ भी लिया जा रहा है। ब्लैकमार्केटिंग, होर्डिंग या अधिक दाम पर बिक्री की शिकायत आने पर अवैध कार्यों में संलिप्त व्यक्तियों के विरूद्ध तुरत प्राथमिकी दर्ज करने एवं गिरफ्तार करने का निदेश दिया गया है। 

जिलाधिकारी ने कहा कि अधिकारियों द्वारा दिए गए प्रतिवेदन के आधार पर स्पष्ट हो रहा है कि उपभोक्ताओं द्वारा ’मेरिट के आधार पर ही बुकिंग की जा रही है अर्थात अनावश्यक बुकिंग नहीं की जा रही है’। लोगों में पैनिक की स्थिति नहीं है। उपभोक्ता आवश्यकता के अनुसार ही बुकिंग करने की ओर अग्रसर हो रहे हैं। यह अच्छी स्थिति है। अधिकारीगण उपभोक्ताओं, गैस एजेंसियों, माननीय जन प्रतिनिधियों सहित सभी हितधारकों के साथ लगातार ’संपर्क एवं संवाद’ स्थापित कर रहे हैं और ’फीडबैक एवं सुझाव’ भी प्राप्त कर रहे हैं। जिलाधिकारी ने कहा कि उपभोक्ताओं के हित में एलपीजी घरेलू गैस के ’पारदर्शी एवं सुचारू’ रूप से आपूर्ति के लिए सभी आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। किसी भी स्तर पर किसी भी प्रकार की ’शिथिलता, लापरवाही या अनियमितता’ का मामला प्रकाश में आने पर दोषी लोगों के विरुद्ध एस्मा एक्ट {आवश्यक सेवा अनुरक्षण अधिनियम (Essential Services Maintenance Act : ESMA) के तहत कार्रवाई की जा रही है। सुचारू आपूर्ति में बाधा उत्पन्न करने वालों के विरूद्ध आपदा प्रबंधन अधिनियम के तहत भी कार्रवाई की जाएगी।

जिलाधिकारी ने कहा कि एलपीजी गैस के स्टॉक में कोई कमी नहीं है। अधिकारियों को प्रबंधन को भी सुदृढ़ रखने का निदेश दिया गया है। जिलाधिकारी ने कहा कि कालाबाजारी, अवैध भंडारण, ओवरप्राइसिंग एवं अन्य गैर-कानूनी गतिविधियों के विरूद्ध जिला प्रशासन की ’शून्य सहिष्णुता (जीरो टॉलरेंस) की नीति’ है। प्रखंड स्तर पर एलपीजी घरेलू गैस सिलेंडर से संबंधित शिकायतों के निवारण एवं सिलेंडर की जमाखोरी की रोकथाम हेतु 28 धावा दल निरंतर सक्रिय है। इन धावा दलों में प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारियों, प्रखंड आपूर्ति निरीक्षकों एवं सहायक जिला आपूर्ति पदाधिकारियों को नोडल पदाधिकारी के तौर पर तैनात किया गया है। ये सभी नोडल पदाधिकारी उपभोक्ताओं/नियंत्रण कक्षों से प्राप्त सूचनाओं के आधार पर त्वरित कार्रवाई करते हुए शिकायतों का निवारण कर रहे हैं। सभी अनुमंडल पदाधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रान्तर्गत प्रखंड स्तरों पर घरेलू एलपीजी गैस से संबंधित शिकायतों के निवारण हेतु गठित धावा दलों/व्यवस्था के वरीय प्रभारी पदाधिकारी के तौर पर नामित करते हुए प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है। 

जिलाधिकारी ने कहा कि घरेलू गैस के दुरुपयोग को रोकने हेतु सेक्टर, जोनल एवं सुपर जोनल दंडाधिकारियों द्वारा होटलों, ढाबों तथा अन्य व्यावसायिक प्रतिष्ठानों की निरंतर एवं सघन जांच तथा छापामारी की जा रही है। पदाधिकारियों को व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में घरेलू एलपीजी सिलेंडरों के अवैध उपयोग की शिकायत आने पर विधि-सम्मत सख्त कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया है।

  

Related Articles

Post a comment