35 KM साइकिल चलाकर सड़क पर उतरे डीएम, युवाओं से बोले 'फिट रहो, तभी आगे बढ़ोगे'

शेखपुरा: जिले के डीएम शेखर आनंद ने मंगलवार को अनोखी पहल करते हुए करीब 35 किलोमीटर तक साइकिल चलाकर युवाओं और आम लोगों को फिटनेस का सशक्त संदेश दिया। उनकी यह पहल जिले में चर्चा का विषय बन गई। डीएम ने शेखपुरा से साइकिल यात्रा शुरू की और बरबीघा के सामस मोड़ तक पहुंचने के बाद वापस डीएम आवास लौटे। पूरे सफर में उन्होंने लगातार साइकिल चलाकर लोगों को नियमित व्यायाम और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया। यात्रा के दौरान कई स्थानों पर लोगों ने डीएम का उत्साहवर्धन किया।

डीएम ने कहा कि आज की भागदौड़ भरी जिंदगी में लोग अपने स्वास्थ्य को नजरअंदाज कर रहे हैं, जबकि स्वस्थ शरीर ही सफलता की सबसे बड़ी पूंजी है। उन्होंने युवाओं से अपील की कि पढ़ाई और करियर के साथ-साथ प्रतिदिन कुछ समय व्यायाम, दौड़ या साइकिलिंग के लिए जरूर निकालें। उन्होंने यह भी कहा कि साइकिल चलाना न केवल शरीर को फिट रखता है, बल्कि पर्यावरण संरक्षण में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। इससे प्रदूषण कम होता है और ईंधन की बचत होती है। डीएम की इस पहल ने यह संदेश दिया कि फिट रहने के लिए महंगे जिम या संसाधनों की जरूरत नहीं, बल्कि नियमित शारीरिक गतिविधि और अनुशासित दिनचर्या ही स्वस्थ जीवन का आधार है।

  

Related Articles

Post a comment