जहानाबाद के किसानों को डिप्टी सीएम विजय चौधरी ने दी बड़ी सौगात, कहा 'सिंचाई के लिए...'

जहानाबाद: बिहार में पड़ रही भीषण गर्मी और हीट वेव के बीच बिहार के उपमुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी जहानाबाद पहुंचे, जहां उन्होंने किसानों को बड़ी सौगात देते हुए करीब 43 करोड़ रुपये की सिंचाई योजनाओं के पुनर्स्थापन एवं सम्पोषण कार्य का शिलान्यास किया। इस दौरान उन्होंने किसानों को बेहतर सिंचाई सुविधा, सड़क संपर्क और कृषि विकास को लेकर सरकार की प्रतिबद्धता दोहराई। उपमुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी अरवल से सड़क मार्ग होते हुए जहानाबाद पहुंचे। मखदुमपुर प्रखंड के पुनहदा पंचायत अंतर्गत नौगढ़ गांव में आयोजित कार्यक्रम में उन्होंने विभिन्न सिंचाई योजनाओं के पुनर्स्थापन एवं सम्पोषण कार्य का विधिवत शिलान्यास किया। इन योजनाओं पर लगभग 43 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे।

उपमुख्यमंत्री ने कहा कि नहरों के पुनर्स्थापन के साथ-साथ कन्वर्ट निर्माण और ग्रामीण सड़कों की मरम्मत का कार्य भी कराया जाएगा। इससे किसानों को बेहतर सिंचाई सुविधा मिलेगी और वे अपनी कृषि उपज को आसानी से बाजार तक पहुंचा सकेंगे। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार किसानों की सुविधा और कृषि विकास को लेकर लगातार कार्य कर रही है। वहीं विपक्ष द्वारा लगाए जा रहे आरोपों कि एनकाउंटर जाति देखकर किए जा रहे हैं, इस पर प्रतिक्रिया देते हुए विजय चौधरी ने कहा कि अपराधी की कोई जाति नहीं होती। कानून सभी के लिए समान है और सरकार अपराध के खिलाफ सख्त कार्रवाई कर रही है।

कार्यक्रम के दौरान पूर्व सांसद  चंदेश्वर प्रसाद चंद्रवंशी समेत कई स्थानीय जनप्रतिनिधि, अधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे। भीषण गर्मी के बावजूद बड़ी संख्या में ग्रामीण भी कार्यक्रम में शामिल हुए।

  

Related Articles

Post a comment