पूर्व मुख्यमंत्री के नीतीश कुमार ने बापू टावर में महात्मा गांधी पर आधारित दुर्लभ प्रदर्शनी का दीप प्रज्ज्वलित कर किया उद्घाटन
- by Manjesh Kumar
- 12-Jul-2026
- Views
पटना: जद(यू) के राष्ट्रीय अध्यक्ष सह बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने रविवार को पटना स्थित बापू टावर में सेंट जेवियर्स हाई स्कूल के छात्र-छात्राओं द्वारा आयोजित महात्मा गांधी से संबंधित मूल एवं दुर्लभ संग्रहों की एक दिवसीय प्रदर्शनी का दीप प्रज्ज्वलित कर उद्घाटन किया। प्रदर्शनी स्थल पर छात्र-छात्राओं ने पौधा भेंट कर नीतीश कुमार का स्वागत किया। इस अवसर पर उन्होंने विद्यार्थियों से आत्मीय संवाद किया, उनका उत्साहवर्धन किया तथा इस प्रकार के ज्ञानवर्धक एवं प्रेरणादायी आयोजन के लिए उनकी सराहना की।
उद्घाटन के उपरांत नीतीश कुमार ने राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के जीवन, विचारों एवं स्वतंत्रता आंदोलन से जुड़ी प्रदर्शित मूल एवं ऐतिहासिक सामग्रियों का अवलोकन किया। प्रदर्शनी में गांधीजी के दुर्लभ छायाचित्र, वर्ष 1948 से संबंधित ऑडियो एवं वीडियो संग्रह, गांधी श्रृंखला के नोट एवं डाक टिकट, पोस्टकार्ड, हस्ताक्षर-युक्त पत्र, अगस्त 1947 के ऐतिहासिक समाचार-पत्र, स्मारक सिक्के तथा अन्य अनेक महत्वपूर्ण संग्रहणीय वस्तुएँ प्रदर्शित की गई थीं। इन दुर्लभ सामग्रियों के माध्यम से महात्मा गांधी के व्यक्तित्व, उनके विचारों तथा स्वतंत्रता संग्राम में उनके अमूल्य योगदान को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया गया। इस अवसर पर बिहार विधान परिषद में सत्तारूढ़ दल के उपनेता ललन कुमार सर्राफ भी उपस्थित रहे।


Post a comment