बदमाशों ने चलती ट्रेन में युवक को मारी गोली, रेल पुलिस जुटी मामले की जांच में...
- by Manjesh Kumar
- 12-Jun-2026
- Views
खगड़िया: बिहार में एक तरफ कहीं भी सरेआम गोलीबारी की घटनाएं आजकल आम सी लगने लगी है। कारण है अपराधियों को जब जहां मन करता है आपराधिक घटनाओं को अंजाम दे कर निकल जाते हैं। इसी बीच बेगूसराय कटिहार रेलखंड से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। दरअसल खगड़िया के मानसी के आसपास चलती ट्रेन में एक युवक को गोली मारे जाने की बात सामने आई है। गोली लगने से घायल युवक को आनन फानन में बेगूसराय के अस्पताल में भर्ती कराया गया है जहां उसकी स्थिति स्थिर बनी हुई है। घायल की पहचान झारखंड के गोड्डा निवासी गुंजन कुमार देव के रूप में की गई। वहीं घटना के बाद पुलिस पूरे मामले की छानबीन में जुट गई।
फिलहाल रेल पुलिस लूटपाट, पारिवारिक विवाद और अन्य संभावित कारणों समेत अन्य कई बिंदुओं पर जांच कर रही है। जानकारी के अनुसार चलती ट्रेन में गोलीबारी में घायल युवक जमुई में बिजली कंपनी में तकनीशियन के पद पर कार्यरत हैं और अपनी पत्नी से मिलने सुपौल जा रहे थे। इसी दौरान चलती ट्रेन में मानसी इलाके में किसी ने गोली मार दी। घटना के बाद परिजनों ने लूटपाट के दौरान गोली मारे जाने की बात कही है। परिजन ने कहा कि ट्रेन में किसी ने उनका बैग छीनने की कोशिश की और इसी दौरान गोली मार दी।
घटना की सूचना मिलते ही रेल डीएसपी सुबोध कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने अस्पताल जाकर घायल युवक के संबंध में जानकारी जुटाई और मामले की जांच शुरू कर दी। प्रारंभिक जांच में तीन संदिग्ध युवकों की संलिप्तता की बात सामने आई है। पुलिस के अनुसार इनमें से दो युवकों के पास हथियार होने की जानकारी मिली है। संदिग्धों की उम्र 19 से 21 वर्ष के बीच बताई जा रही है। जांच के दौरान घायल की पत्नी ने पुलिस को बताया कि उनके पति के साथ किसी प्रकार की लूटपाट नहीं हुई थी और उनका मोबाइल फोन भी सुरक्षित है। इस बयान के बाद मामले ने नया मोड़ ले लिया है और पुलिस अब अन्य संभावित कारणों की भी जांच कर रही है। पुलिस फिलहाल लूटपाट, पारिवारिक विवाद और विभागीय कारण समेत तीन अलग-अलग पहलुओं से मामले की जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि घायल युवक के विस्तृत बयान के बाद ही घटना की असली वजह सामने आ सकेगी।


Post a comment