प्रेम प्रसंग से नाराज परिवार के लोगों ने ही की थी युवती की हत्या, 2 वर्ष बाद शिक्षिका मां गिरफ्तार

शेखपुरा: जिले के कमासी गांव में वर्ष 2024 में हुई चंचला हत्याकांड की गुत्थी पुलिस ने सुलझाने का दावा किया है। जिस युवती का शव शादी से महज 10 दिन पहले फंदे से लटका मिला था, पुलिस जांच में मामला आत्महत्या नहीं बल्कि हत्या का निकला। इस मामले में पुलिस ने दो साल बाद मृतका की मां और सूरदासपुर में कार्यरत शिक्षिका अनीता देवी उर्फ अनीता कुमारी को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि पिता बच्चन देव कुमार उर्फ बच्चन राम की तलाश में छापेमारी जारी है।

नगर थाना में कार्यरत दरोगा राजकुमार शाह ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद मामले का अनुसंधान शुरू किया गया। जांच में सामने आया कि चंचला की हत्या कर उसके शव को फंदे से लटकाया गया था। पुलिस को 31 अगस्त 2026 को सूचना मिली कि मामले की आरोपी अनीता देवी कोर्ट में तारीख पर पहुंची है। सूचना मिलते ही पुलिस ने कोर्ट परिसर के आसपास घेराबंदी कर दी और सड़क पर निकलते ही उसे गिरफ्तार कर लिया। बताया जाता है कि चंचला ने कारे गांव निवासी प्रेमी राहुल कुमार के साथ 4 जुलाई 2024 को अशोक धाम में भागकर लव मैरिज की थी। राहुल का आरोप था कि इस शादी से चंचला के परिजन खुश नहीं थे। बाद में पिता ने सामाजिक प्रतिष्ठा का हवाला देकर पारंपरिक तरीके से शादी कराने का भरोसा दिलाया।

राहुल ने आरोप लगाया था कि घर लौटने के बाद चंचला को प्रताड़ित किया जाने लगा और उसने अनहोनी की आशंका भी जताई थी। अब मां की गिरफ्तारी के बाद पुलिस पिता की तलाश तेज कर चुकी है। इस सनसनीखेज हत्याकांड में पुलिस की अगली कार्रवाई पर सबकी नजर टिकी है।

  

Related Articles

Post a comment