राजधानी पटना में दो कार के शोरूम पर चला प्रशासन का बुलडोजर, एक ने कहा '50 करोड़ का हुआ नुकसान'
- by Manjesh Kumar
- 22-May-2026
- Views
पटना: बिहार विधानसभा चुनाव के बाद से ही NDA की सरकार सभी मामलों में लगातार कार्रवाई कर रही है। अपराध हो या भ्रष्टाचार या फिर अतिक्रमण, सरकार किसी को भी बख्शने के मूड में दिखाई नहीं दे रही है। इसी कड़ी में राजधानी पटना के विभिन्न इलाकों में पिछले करीब 15 दिनों से लगातार अवैध अतिक्रमण पर प्रशासन का बुलडोजर चल रहा है।
शुक्रवार को जिला प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए राजधानी पटना में कार के दो शोरूम पर भी बुलडोजर कार्रवाई की। पटना के कुर्जी मोड़ स्थित निशान और किया कार के शोरूम पर जिला प्रशासन ने बुलडोजर कार्रवाई की। नगर निगम और जिला प्रशासन की टीम शुक्रवार की अहले सुबह करीब भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंची और कार्रवाई शुरू कर दी।
बुलडोजर कार्रवाई में कार शोरूम मालिकों को काफी नुकसान भी हुआ है। किया शोरूम के जनरल मैनेजर विवेक कुमार ने बताया कि इस कार्रवाई से करीब 50 करोड़ रुपये का नुकसान हुआ है। उन्होंने कहा कि बिना कोई पर्याप्त समय दिए सुबह-सुबह प्रशासन की टीम पहुंची और बुलडोजर चलाना शुरू कर दिया। बताया जा रहा है कि राज्य सरकार ने सड़क दुर्घटनाओं में लगातार हो रही बढ़ोतरी और सुप्रीम कोर्ट के निर्देशों के बाद यह सख्त कदम उठाया है।
शुक्रवार को मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत की अध्यक्षता में बिहार सड़क सुरक्षा परिषद की उच्चस्तरीय बैठक भी हुई। बैठक में परिवहन विभाग, पथ निर्माण विभाग, एनएचएआई, नगर विकास विभाग और पुलिस मुख्यालय के वरिष्ठ अधिकारी शामिल हुए थे। अधिकारियों ने बताया कि राजस्थान और तेलंगाना में राष्ट्रीय राजमार्गों पर अतिक्रमण और अवैध पार्किंग की वजह से बड़ी सड़क दुर्घटनाएं हुई थीं, जिनमें 34 लोगों की मौत हो गई थी।


Post a comment