राजधानी पटना में बस की चपेट में आने से युवक की मौत, स्थानीय लोगों ने जम कर काटा बवाल, कई गाड़ियों में लगी आग

पटना: राजधानी में एक बड़ा हादसा घटा जिसमें एक युवक की मौत हो गई। घटना के बाद स्थानीय लोग आक्रोशित हो गए और जोरदार हंगामा किया। आक्रोशित लोगों ने कई गाड़ियों में आग दिया वहीं पुलिस के साथ झड़प हुई। घटना राजधानी पटना के अगमकुंआ थाना क्षेत्र के बड़ी पहाड़ी की है जहां एक युवक की मौत बस की चपेट में आने से हो गई। घटना के बाद स्थानीय लोगों ने जम कर बवाल किया और सड़क जाम कर दिया। लोगों ने बस में आग लगा दी। घटना की जानकारी मिलने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस के साथ भी लोगों ने बदतमीजी की कई गाड़ियों में आग लगा दी। जबकि कई बसों और बाइक को भी क्षतिग्रस्त कर दिया। आधा दर्जन से अधिक वाहनों के शीशे तोड़ दिए गए और खासकर दुपहिया वाहनों को निशाना बनाया गया, सीसीटीवी कैमरों को तोड़ दिया गया।

घटना के बाद पूरे इलाके में तनावपूर्ण स्थिति बनी हुई है। सड़क पर करीब 10 किलोमीटर लंबा जाम लग गया है, जिससे आम लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। घटना के बाद मौके पर अफरातफरी का माहौल हो गया। घटना के बाद कई थानों की पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को समझा बुझा कर शांत कराया। लोगों के अनुसार पहाड़ी मोहल्ला निवासी युवक मनीष उर्फ उपेंद्र सड़क पार कर रहा था, तभी तेज रफ्तार से आ रही बस ने उसे कुचल दिया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि युवक की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे की खबर फैलते ही स्थानीय लोग बड़ी संख्या में घटनास्थल पर जुट गए और गुस्से का माहौल बन गया।


मौके पर पहुंचे एएसपी राजकिशोर सिंह ने बताया कि हादसे के बाद कुछ समय के लिए विधि व्यवस्था की समस्या उत्पन्न हो गई थी, जिसे अब नियंत्रित कर लिया गया है। उन्होंने कहा कि सड़क जाम हटा दिया गया है और मामले में विधि सम्मत कार्रवाई की जाएगी। स्थिति को देखते हुए पूरे इलाके में भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। प्रशासन लगातार हालात पर नजर बनाए हुए है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि स्थिति को नियंत्रित करने की कोशिश जारी है और दोषियों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

  

Related Articles

Post a comment