BPSC ने जारी किया 70वीं संयुक्त परीक्षा का अंतिम परिणाम, कुल 2027 अभ्यर्थी बने अधिकारी

पटना: बिहार लोक सेवा आयोग ने 70वीं संयुक्त प्रतियोगिता परीक्षा का अंतिम परिणाम जारी कर दिया है। परीक्षा में चयनित अभ्यर्थियों को बिहार प्रशासनिक सेवा और बिहार पुलिस सेवा समेत विभिन्न विभागों के 2027 पदों पर पदस्थापित किया जाएगा। परीक्षा परिणाम में 1282 पुरुष और 745 महिला उम्मीदवार ने सफलता हासिल की है। खास बात यह है कि इस बार परिणाम में टॉप 20 में 10 और टॉप 50 में 25 महिला अभ्यर्थी शामिल हैं। इस बार बिहार से बाहर के भी 333 अभ्यर्थियों ने बाजी मारी है।

बता दें कि बीपीएससी 70वीं संयुक्त परीक्षा में 27 विभागों के लिए बहाली हुई है जिसमें 4.83 लाख से अधिक अभ्यर्थियों ने आवेदन किया था। परीक्षा बीते 13 दिसंबर 2024 को राज्य के 37 जिला के 911 परीक्षा केंद्रों पर आयोजित हुई थी। प्रारंभिक परीक्षा में 328990 अभ्यर्थी शामिल हुए थे जबकि 23 जनवरी 2025 को मुख्य परीक्षा में 21027 अभ्यर्थी शामिल हुए थे। मुख्य परीक्षा ने इंटरव्यू राउंड के लिए 5449 अभ्यर्थियों को चयनित किया गया था और अब अंतिम रिजल्ट में 2027 अभ्यर्थियों को चयनित किया गया है।

अगर रिजल्ट के आंकड़ों और कटऑफ की बात करें, तो इस बार अनरिजर्व्ड कैटेगरी का मेन्स कटऑफ 445 रहा, जो पिछली 69वीं परीक्षा (466) से कम है। सफल उम्मीदवारों में जनरल कैटेगरी के 843, ईडब्ल्यूएस के 194, बीसी के 259, ईबीसी के 335, एससी के 316, एसटी के 21 और बीसी महिला कोटे के 59 अभ्यर्थी शामिल हैं। साथ ही दिव्यांग श्रेणी के 61 और स्वतंत्रता सेनानी पोता-पोती कोटे से 36 उम्मीदवारों को सफलता मिली है।

  

Related Articles

Post a comment