कटिहार में चलती बाइक में आग लगने से मची अफरातफरी, सवार ने कूद कर बचाई जान
- by Manjesh Kumar
- 03-Jun-2026
- Views
कटिहार: बिहार के कटिहार में बुधवार को शहर में उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब शहीद चौक के समीप एक चलती पल्सर बाइक में अचानक आग लग गई। आग लगते ही चालक ने तुरंत सूझबूझ दिखाते हुए बाइक सड़क पर छोड़ अपनी जान बचाई। कुछ ही देर में बाइक धू-धू कर जलने लगी, जिसे देखकर सड़क पर गुजर रहे लोगों में दहशत फैल गई। घटना के कारण कुछ समय के लिए सड़क पर यातायात प्रभावित रहा। कई वाहन चालक अपने वाहन रोककर दूर खड़े हो गए, जिससे थोड़ी देर के लिए जाम की स्थिति भी बन गई।
सूचना मिलते ही ट्रैफिक पुलिस मौके पर पहुंची और अग्निशमन विभाग को जानकारी दी गई। इसके बाद दमकल कर्मी छोटे दमकल वाहन के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और आग पर काबू पाया, जिसके बाद आवागमन फिर से सामान्य हो सका। जानकारी के अनुसार, दिग्घी निवासी इखलाख अहमद मिर्चाईबारी से काम खत्म कर न्यू मार्केट जा रहे थे। इसी दौरान उनकी चलती बाइक में अचानक आग लग गई। चालक ने समय रहते बाइक छोड़ दी, नहीं तो बड़ा हादसा हो सकता था। प्राथमिक तौर पर आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट मानी जा रही है।
कटिहार से जयप्रकाश भगत की रिपोर्ट


Post a comment