भागलपुर हिंसा, पुलिस का बड़ा एक्शन, 49 नामजद, 41 गिरफ्तार, 155 उपद्रवियों की तस्वीरें जारी
- by Manjesh Kumar
- 27-Jul-2026
- Views
भागलपुर: भागलपुर में छात्र आंदोलन की आड़ में हिंसा और उपद्रव करने वालों के खिलाफ पुलिस लगातार सख्त कार्रवाई कर रही है। तिलकामांझी चौक पर हुए बवाल के मामले में अब तक 49 लोगों के खिलाफ नामजद प्राथमिकी दर्ज की गई है, वहीं 500 अज्ञात लोगों को भी आरोपी बनाया गया है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 41 आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है जबकि 16 लोगों को बॉन्ड भरवाकर छोड़ दिया गया है। इसके साथ ही पुलिस ने उन 155 संदिग्ध उपद्रवियों की तस्वीरें भी सार्वजनिक की हैं जिन पर पुलिसकर्मियों के साथ मारपीट, पथराव और सरकारी वाहनों को क्षतिग्रस्त करने का आरोप है।
भागलपुर के एसएसपी ने कहा कि सीसीटीवी फुटेज, वीडियो रिकॉर्डिंग और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर सभी आरोपियों की पहचान की जा रही है। भागलपुर के वरीय पुलिस अधीक्षक प्रमोद कुमार ने कहा कि कानून-व्यवस्था बिगाड़ने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने आम लोगों से भी अपील की है कि जारी की गई तस्वीरों में यदि किसी की पहचान होती है तो इसकी सूचना पुलिस को दें, ताकि सभी दोषियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।


Post a comment