बिहार बंद के दौरान भागलपुर में बवाल, छात्रों और पुलिस के बीच झड़प, पथराव के बाद लाठीचार्ज
- by Manjesh Kumar
- 25-Jul-2026
- Views
भागलपुर: बिहार बंद के आह्वान के दौरान भागलपुर के तिलकामांझी चौक पर प्रदर्शन उस समय हिंसक हो गया, जब प्रदर्शन कर रहे छात्रों और पुलिस के बीच तीखी झड़प हो गई। प्रदर्शनकारियों ने पुलिस पर पथराव किया, जिसके जवाब में भीड़ को तितर-बितर करने और स्थिति पर नियंत्रण पाने के लिए पुलिस ने लाठीचार्ज किया। पथराव में पुलिस के कई वाहन क्षतिग्रस्त हो गए, जबकि कई पुलिसकर्मियों को चोटें आईं।
घटना की सूचना मिलते ही जिलाधिकारी अलंकृता पांडे और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रमोद कुमार यादव मौके पर पहुंचे और हालात का जायजा लिया। इसके बाद अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती कर पूरे इलाके की सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई। पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को मौके से हटाकर स्थिति को नियंत्रित किया। फिलहाल हालात सामान्य बताए जा रहे हैं। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और उपद्रव में शामिल लोगों की पहचान कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।


Post a comment