बिहार के मंत्री जी हो गए अपने ही पूर्व PA के शिकार, साइबर थाना में दर्ज कराया मामला, आरोपी ने कहा...

पटना: बिहार सरकार में मंत्री अशोक चौधरी ने अपने ही एक पुराने सहयोगी के विरुद्ध पुलिस में मामला दर्ज करवाया है। अशोक चौधरी ने अपने पूर्व निजी सहायक निशांत केतु झा के विरुद्ध पटना साइबर थाना में मामला दर्ज कराया है। मंत्री ने आरोप लगाया है कि उनके पूर्व निजी सहायक ने नौकरी छोड़ने के बाद भी उनके आधिकारिक X अकाउंट का एक्सेस नहीं छोड़ा है। जब उनसे एक्सेस की मांग की गई तो वह अब पैसे की मांग कर रहे हैं और सोशल मीडिया अकाउंट को अपने कब्जे में रखे हुए हैं।

वहीं, निशांत केतु झा ने मंत्री कार्यालय के आरोपों को खारिज कर दिया है। उन्होंने कहा कि X अकाउंट उनके निजी ई-मेल आईडी से बनाया गया था। अब उन पर उनके पर्सनल मेल का एक्सेस देने का दबाव बनाया जा रहा है। निशांत ने कहा कि कोई भी व्यक्ति अपना निजी ई-मेल किसी और को नहीं दे सकता। निशांत ने कहा कि उन्होंने कभी किसी तरह के पैसे की मांग नहीं की। उनका कहना है कि पिछले तीन वर्षों में उन्होंने उस ई-मेल को लेकर कोई विवाद नहीं किया। ऐसे में अब पैसे मांगने का सवाल ही नहीं उठता। पटना साइबर थाना मामले की जांच में जुट गया है। साइबर डीएसपी नीतीश चंद्र धारिया ने बताया कि मंत्री की ओर से लिखित शिकायत मिली है। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि X अकाउंट का पासवर्ड बदला जा रहा है और पैसे की मांग की जा रही है। अब यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि सोशल मीडिया अकाउंट का वास्तविक एक्सेस किसके पास है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि पैसे मांगने और अकाउंट कंट्रोल में रखने के आरोपों में कितनी सच्चाई है।

  

Related Articles

Post a comment