मोकामा के बाहुबली विधायक अनंत सिंह को पार्टी ने किया तलब, एमएलसी चुनाव में नीरज कुमार को समर्थन नहीं देने की कही थी बात...

पटना: मोकामा के बाहुबली विधायक अनंत सिंह अपने बेबाक अंदाज में बातचीत और बयान के लिए काफी चर्चा में रहते हैं। एक बार फिर उन्होंने हाल ही में एमएलसी चुनाव को लेकर बड़ा बयान दिया था जिसके बाद राजनीतिक गलियारे में हलचल तेज हो गई। अब अनंत सिंह को पार्टी की तरफ से तलब किया गया है। सोमवार को मोकामा के बाहुबली विधायक अनंत सिंह पार्टी कार्यालय पहुंचे जहां प्रदेश अध्यक्ष के साथ बंद कमरे में लंबे समय तक बातचीत हुई। कहा जा रहा है कि एमएलसी चुनाव में जदयू के उम्मीदवार नीरज कुमार का समर्थन नहीं करने के बयान पर पार्टी ने अनंत सिंह को तलब किया है।


बता दें कि 16 नवंबर को स्नातक क्षेत्र के विधान परिषद सदस्य का कार्यकाल समाप्त हो रहा है जिसके लिए चुनावी गहमागहमी शुरू हो गई है। विधान परिषद चुनाव में एक बार फिर जदयू एमएलसी और प्रवक्ता नीरज कुमार संभावित उम्मीदवार हैं। उनकी इस उम्मीदवारी को लेकर मोकामा के बाहुबली विधायक अनंत सिंह ने अभी हाल ही में मीडिया से बात करते हुए कहा था कि वे नीरज कुमार का समर्थन नहीं करेंगे बल्कि वह डॉ अनुज को अपना समर्थन देंगे। इधर राजनीतिक जानकारों का मानना है कि मोकामा इलाके में अनंत सिंह जिस उम्मीदवार का समर्थन करेंगे उसकी जीत तय है। अनंत सिंह के बयान के बाद डॉ अनुज ने भी कहा कि जब दादा समर्थन दे रहे हैं तो फिर मुझे कुछ सोचना ही नहीं है। अब इन्ही मुद्दों को लेकर पार्टी ने उन्हें तलब किया है जिसके बाद प्रदेश अध्यक्ष उमेश कुशवाहा के साथ लंबी बातचीत हुई।

  

Related Articles

Post a comment