अनियंत्रित होकर वैशाली नहर में गिरी कार, बिजली विभाग के JE और कर्मी की दर्दनाक मौत


 


मुजफ्फरपुर : जिले से एक दर्दनाक सड़क हादसे में बिजली विभाग के जेई और उसके एक सहयोगी की मौत हो गई. दरअसल दुर्घटना देवरिया थाना क्षेत्र के एकमा चौक के समीप की है, जहा वैशाली नहर में एक कार अनियंत्रित होकर गिर गई। इस भीषण हादसे में कार सवार दो लोगों की डूबने से मौत हो गई। मृतकों की पहचान बिजली विभाग के कनीय अभियंता (JE) और एक विभागीय कर्मी के रूप में हुई है। घटना के बाद इलाके में कोहराम मच गया है.


मिली जानकारी के अनुसार, शुक्रवार की सुबह स्थानीय लोगों ने एकमा चौक स्थित वैशाली नहर पुल के नीचे पानी में एक कार को डूबा हुआ देखा। कार का कुछ हिस्सा ही पानी के ऊपर नजर आ रहा था। ग्रामीणों ने तुरंत इसकी सूचना स्थानीय देवरिया थाना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष मनोज कुमार साह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और स्थानीय गोताखोरों की मदद से रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया.


पुलिस और ग्रामीणों के अथक प्रयास के बाद क्रेन की मदद से कार को पानी से बाहर निकाला गया। जब कार का दरवाजा खोला गया, तो अंदर दो युवक अचेत अवस्था में पाए गए। पुलिस ने तत्काल उन्हें बाहर निकाला, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। प्रारंभिक जांच और पहचान की प्रक्रिया में यह बात सामने आई कि मृतक बिजली विभाग में कार्यरत थे। मृतकों की पहचान जेई सन्नी कुमार और विभागीय कर्मी अफजल कुमार के रूप में हुई है.


पुलिस ने बताया कि दोनों मृतक मुजफ्फरपुर शहर के मिठनपुरा थाना क्षेत्र में रहकर ड्यूटी करते थे। घटना की जानकारी मिलते ही उनके परिजनों को सूचित कर दिया गया है। जैसे ही मौत की खबर परिजनों तक पहुंची, घरों में चीख-पुकार मच गई। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए श्रीकृष्ण मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (SKMCH) भेज दिया है.


एक युवा जेई और उनके सहयोगी कर्मी की इस तरह हुई आकस्मिक मौत से बिजली विभाग में भी शोक की लहर है। विभाग के अन्य अधिकारियों और कर्मचारियों ने इस घटना पर गहरा दुख व्यक्त किया है.


मुजफ्फरपुर से रूपेश कुमार की रिपोर्ट..!

  

Related Articles

Post a comment