दुर्गापुर पंचायत में स्वास्थ्य चौपाल, पांच टीबी मरीजों को मिला पोषण किट

ग्रामीणों को टीबी उन्मूलन, परिवार नियोजन और एनसीडी स्क्रीनिंग के प्रति किया गया जागरूक

कटिहार: बरारी प्रखंड की दुर्गापुर पंचायत में शनिवार को आयोजित संध्या स्वास्थ्य चौपाल में स्वास्थ्य सेवाओं को गांव-गांव तक पहुंचाने और लोगों को गंभीर बीमारियों के प्रति जागरूक करने पर विशेष जोर दिया गया। पंचायत भवन में आयोजित कार्यक्रम के दौरान निश्चय मित्र अभियान के तहत मुखिया अम्मारा खातून ने निश्चय पोषण योजना के अंतर्गत पांच टीबी मरीजों को फूड बास्केट वितरित किया। अधिकारियों ने मरीजों से नियमित दवा के साथ संतुलित एवं पौष्टिक भोजन लेने की अपील की। चौपाल में ग्रामीणों को टीबी उन्मूलन अभियान, निश्चय पोषण योजना, परिवार नियोजन तथा सरकार द्वारा संचालित विभिन्न स्वास्थ्य योजनाओं की विस्तार से जानकारी दी गई। साथ ही योजनाओं का लाभ उठाने और समय-समय पर स्वास्थ्य जांच कराने के लिए प्रेरित किया गया।

प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ मुशर्रफ हुसैन ने कहा कि 30 वर्ष या उससे अधिक आयु के प्रत्येक व्यक्ति को उच्च रक्तचाप, मधुमेह एवं कैंसर जैसी गैर-संचारी बीमारियों की समय पर जांच करानी चाहिए। उन्होंने बताया कि नियमित एनसीडी स्क्रीनिंग से गंभीर बीमारियों की समय रहते पहचान कर प्रभावी उपचार संभव हो पाता है। आशा कार्यकर्ताओं एवं आशा फैसिलिटेटरों को भी परिवार नियोजन और जनस्वास्थ्य कार्यक्रमों की जानकारी घर-घर तक पहुंचाने का निर्देश दिया गया। कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों ने स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़े विभिन्न प्रश्न भी अधिकारियों के समक्ष रखे, जिनका मौके पर समाधान किया गया। अधिकारियों ने लोगों से सरकारी स्वास्थ्य संस्थानों में उपलब्ध सुविधाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाने तथा नियमित स्वास्थ्य जांच कराने की अपील की।

इस अवसर पर बीडीओ धीरेन्द्र कुमार धीरज, प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ मुशर्रफ हुसैन, अंचल अधिकारी मनीष कुमार, बीपीआरओ राजकुमार सिंह, पंचायत सचिव नीतीश कुमार, मुखिया प्रतिनिधि मकबूल, प्रखंड स्वास्थ्य प्रबंधक बृजेश रंजन, स्वास्थ्य प्रशिक्षक पारस नाथ झा सहित अन्य अधिकारी, जनप्रतिनिधि, आशा कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे। कार्यक्रम का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य जागरूकता बढ़ाना और सरकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना रहा।

  

Related Articles

Post a comment