एक महीने से अंधेरे में गांव, ट्रांसफार्मर लगाने से रोकने का आरोप, ग्रामीणों ने डीएम से लगाई गुहार

शेखपुरा: सदर प्रखंड के गवय पंचायत अंतर्गत खलासपुर गांव में पिछले करीब एक महीने से बिजली आपूर्ति ठप रहने से ग्रामीणों में आक्रोश बढ़ता जा रहा है। जला हुआ ट्रांसफार्मर अब तक नहीं बदले जाने से परेशान ग्रामीणों ने सोमवार को शेखपुरा समाहरणालय पहुंचकर प्रदर्शन किया और जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपकर तत्काल बिजली आपूर्ति बहाल कराने की मांग की। ग्रामीणों का आरोप है कि गांव में बिजली विभाग का डीपी पहले से मौजूद है और उसी स्थान पर नया ट्रांसफार्मर लगाया जाना है। बिजली विभाग के कर्मी नया ट्रांसफार्मर लेकर गांव पहुंचे भी थे, लेकिन गांव के ही कुछ लोगों ने उक्त स्थान को निजी जमीन बताते हुए ट्रांसफार्मर लगाने से रोक दिया।

ग्रामीणों का कहना है कि कुछ दबंग लोगों के विरोध के कारण पूरे गांव को बिजली संकट झेलना पड़ रहा है। बिजली बंद रहने से नल-जल योजना के तहत मिलने वाला पानी भी प्रभावित है। वहीं, निजी नलकूप बंद होने से किसानों को धान की फसल की सिंचाई में भारी परेशानी हो रही है और फसल बर्बाद होने की स्थिति में पहुंच गई है। ग्रामीणों ने प्रशासन से मामले में तत्काल हस्तक्षेप कर ट्रांसफार्मर लगवाने और बिजली आपूर्ति बहाल कराने की मांग की है।

  

Related Articles

Post a comment