लंबे समय से हड़ताल पर अड़े पंचायत सचिव पर कार्रवाई शुरू, इस जिले में डीएम ने 118 को किया सस्पेंड
- by Manjesh Kumar
- 14-May-2026
- Views
मधुबनी: बिहार में अब हड़ताल पर गए पंचायत सचिव के विरुद्ध कार्रवाई शुरू कर दी है। सबसे पहले मधुबनी में डीएम ने एक साथ 118 पंचायत सचिव को निलंबित कर दिया। एक दिन पहले ही पंचायती राज विभाग ने हड़ताल पर गए पंचायत सचिवों को काम पर लौटने का निर्देश दिया था साथ ही चेतावानी भी दी थी कि अगर काम पर नहीं लौटे तो सख्त विभागीय कार्रवाई की जाएगी। अब मधुबनी के डीएम आनंद शर्मा ने 118 हड़ताली पंचायत सचिव को निलंबित कर दिया है। डीएम ने बिहार सरकारी सेवक (वर्गीकरण, नियंत्रण एवं अपील) नियमावली 2005 के प्रावधान के अनुसार कार्रवाई की है। उन्होंने बताया कि सभी कर्मी लंबे समय से अनुपस्थित थे जिसके बाद यह कार्रवाई की गई।
डीएम आनंद शर्मा ने कहा कि पंचायत सचिव ग्रामीण प्रशासन की रीढ़ होते हैं और जनहित से जुड़े कई काम इनके जिम्मे होता है। जन्म मृत्यु प्रमाण पत्र निर्गत करने से लेकर कई जनहित की योजनाएं संचालित करने का जिम्मा पंचायत सचिव की होती है। ऐसे में लंबे समय से इनका अनुपस्थित रहना न सिर्फ प्रशासनिक लापरवाही है बल्कि आम जनता के अधिकार और विकास कार्यों पर प्रतिकूल प्रभाव डालने वाला कृत्य है। इससे पहले भी पत्र जारी कर सभी कर्मियों को निर्देश दिया गया था कि एक सप्ताह के अंदर अपने काम पर वापस लौटें लेकिन ये लोग लगातार अनुपस्थित रहे। इससे आम जनता के कार्यों के साथ ही जनगणना कार्य में भी काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। अब पंचायती राज विभाग के निदेशक के निर्देश और प्रतिवेदन के आधार पर यह कार्रवाई की गई है। बता दें कि राज्य भर में पंचायत सचिव बीते 8 अप्रैल से अपनी विभिन्न मांगों को लेकर हड़ताल पर हैं।


Post a comment