राहुल गांधी के समर्थन में उतरे NSUI अध्यक्ष उदय भानु चिब, बेरोजगारी और वोट चोरी को लेकर BJP पर साधा निशाना
- by Raushan Pratyek Media
- 19-Nov-2026
- Views
राहुल गांधी के समर्थन में उतरे NSUI अध्यक्ष उदय भानु चिब, बेरोजगारी और वोट चोरी को लेकर BJP पर बोला तीखा हमला
पटना: कांग्रेस नेता राहुल गांधी के विदेश में दिए गए बयान को लेकर जारी राजनीतिक विवाद के बीच NSUI के राष्ट्रीय अध्यक्ष उदय भानु चिब उनके समर्थन में उतर आए हैं। पटना में मीडिया से बातचीत के दौरान उन्होंने राहुल गांधी का बचाव करते हुए भारतीय जनता पार्टी (BJP) पर बेरोजगारी, वोट चोरी, लोकतंत्र, संविधान और कानून-व्यवस्था जैसे मुद्दों को लेकर तीखा हमला बोला।
उदय भानु चिब ने कहा कि राहुल गांधी देश की सच्चाई सामने रख रहे हैं। भारत हो या अमेरिका, सच्चाई नहीं बदलती। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी अगर भारत में लोकतंत्र, संविधान, बेरोजगारी और वोट चोरी जैसे मुद्दे उठाते हैं, तो विदेश में भी इन्हीं सवालों पर अपनी बात रखेंगे।
उन्होंने बीजेपी नेताओं पर सवाल उठाते हुए कहा कि देश की वास्तविक स्थिति विदेश में जाकर कैसे बदल सकती है? राहुल गांधी लोकतंत्र और संविधान को बचाने की लड़ाई लड़ रहे हैं और उनका यह संघर्ष जारी रहेगा।
बेरोजगारी और अग्निवीर योजना पर केंद्र सरकार को घेरा
केंद्र सरकार के 50 करोड़ लोगों को गरीबी रेखा से ऊपर उठाने के दावे पर भी उदय भानु चिब ने सवाल खड़े किए। उन्होंने कहा कि देश का युवा आज बेरोजगारी से परेशान है। ग्रेजुएट और पोस्ट ग्रेजुएट युवाओं को भी नौकरी नहीं मिल पा रही है।
उन्होंने बिहार में भर्ती घोटालों का आरोप लगाते हुए कहा कि युवाओं को रोजगार के लिए संघर्ष करना पड़ रहा है। अग्निवीर योजना पर निशाना साधते हुए उन्होंने आरोप लगाया कि इस योजना के जरिए सेना को कमजोर करने की कोशिश की जा रही है।
चिब ने कहा कि यदि युवाओं के सामने रोजगार का संकट नहीं होता, तो उन्हें दिल्ली और बिहार में नौकरी की मांग को लेकर सड़कों पर उतरकर प्रदर्शन नहीं करना पड़ता।
अडानी को जमीन देने के आरोप पर BJP से मांगा जवाब
NSUI अध्यक्ष ने अडानी समूह को लेकर भी बीजेपी सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि पूर्णिया समेत देश के कई इलाकों में जमीन अडानी को बेहद कम कीमत पर दी जा रही है।
उन्होंने कहा कि यदि सरकार वास्तव में युवाओं के भविष्य और आम लोगों की आर्थिक स्थिति को लेकर गंभीर होती, तो देश में बेरोजगारी और गरीबी की स्थिति इतनी चिंताजनक नहीं होती।
NDA सरकार के एक साल के जश्न पर कसा तंज
बिहार में NDA सरकार के एक साल पूरे होने पर बीजेपी की ओर से जश्न मनाने की तैयारियों को लेकर भी उदय भानु चिब ने तंज कसा। उन्होंने राज्य में अपराध और कानून-व्यवस्था की स्थिति पर सवाल उठाए।
उन्होंने करोड़ों रुपये के सोने की चोरी की घटना का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री से सवाल किया कि आखिर ऐसी घटनाओं को अपराध कहेंगे या क्राइम? उन्होंने कहा कि बिहार में अपराध की घटनाओं को लेकर सरकार को जवाब देना चाहिए।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बिहार दौरे पर भी उन्होंने निशाना साधा। चिब ने कहा कि प्रधानमंत्री को बिहार आकर राज्य में हो रही घटनाओं और कानून-व्यवस्था की स्थिति पर जवाब देना चाहिए।
पत्रकारों के साथ कथित घटना की निष्पक्ष जांच की मांग
पटना में पत्रकारों के साथ हुई कथित घटना और वायरल वीडियो को लेकर पूछे गए सवाल पर उदय भानु चिब ने कहा कि उन्हें इस मामले की पूरी जानकारी नहीं है। हालांकि, उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की।
उन्होंने कहा कि सच्चाई दिखाने वाले पत्रकारों को दबाने की कोशिश नहीं होनी चाहिए। पत्रकारों को अपना काम स्वतंत्र रूप से करने का अवसर मिलना चाहिए और पूरे मामले की जांच के बाद सच्चाई सामने आनी चाहिए।
नफरत की राजनीति पर भी साधा निशाना
बातचीत के दौरान उदय भानु चिब ने नफरत और भाईचारे की राजनीति का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने कहा कि हर इंसान के अंदर भगवान का वास होता है और देश में प्रेम, सद्भाव तथा भाईचारे की भावना मजबूत होनी चाहिए।
उन्होंने राहुल गांधी की यात्राओं का जिक्र करते हुए कहा कि इन यात्राओं के माध्यम से देश में प्रेम और भाईचारे का संदेश दिया गया। वहीं, बीजेपी की राजनीति पर निशाना साधते हुए उन्होंने लालकृष्ण आडवाणी की रथयात्रा का उल्लेख किया और आरोप लगाया कि उस दौर में देश में दंगे हुए तथा लोगों की जानें गईं।
उदय भानु चिब के इस बयान से बिहार की राजनीति में बेरोजगारी, लोकतंत्र, वोट चोरी और कानून-व्यवस्था जैसे मुद्दों पर सियासी बहस और तेज होने के संकेत हैं। हालांकि, उनके द्वारा लगाए गए आरोपों पर संबंधित पक्ष की प्रतिक्रिया सामने आने पर तस्वीर और स्पष्ट होगी।


Post a comment