तिरंगे से गूंजा शेखपुरा, समाहरणालय से सदर अस्पताल तक निकली भव्य रैली
- by Manjesh Kumar
- 12-Aug-2026
- Views
शेखपुरा: ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत बुधवार को शेखपुरा में देशभक्ति और उत्साह का माहौल देखने को मिला। जिला पदाधिकारी शेखर आनंद के नेतृत्व में समाहरणालय परिसर से सदर अस्पताल तक भव्य तिरंगा रैली निकाली गई। रैली को समाहरणालय परिसर से हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। रैली में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं, शिक्षक, कर्मियों, जनप्रतिनिधियों और जिला व प्रखंड स्तरीय पदाधिकारियों ने भाग लिया। हाथों में तिरंगा लेकर देशभक्ति के नारों के साथ निकली रैली से शहर का वातावरण राष्ट्रभक्ति से सराबोर हो गया। लोगों को अपने घरों और प्रतिष्ठानों पर सम्मानपूर्वक तिरंगा फहराने के लिए जागरूक किया गया।
रैली के दौरान लोगों के लिए सेल्फी प्वाइंट भी बनाया गया। कार्यक्रम में अपर समाहर्ता, उप विकास आयुक्त, अपर समाहर्ता (जांच), जिला लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी, अनुमंडल पदाधिकारी, जिला शिक्षा पदाधिकारी समेत कई अधिकारी मौजूद रहे। सदर अस्पताल पहुंचने पर सिविल सर्जन, चिकित्सकों और स्वास्थ्यकर्मियों ने रैली का गर्मजोशी से स्वागत किया। इस अवसर पर डीएम शेखर आनंद ने जिलेवासियों से अपील की कि स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर हर घर पर तिरंगा फहराएं। उन्होंने कहा कि ‘हर घर तिरंगा’ अभियान राष्ट्रभक्ति की भावना को मजबूत करने का माध्यम है। रैली का समापन ‘भारत माता की जय’ के गगनभेदी नारों के साथ हुआ।


Post a comment